Chhattisgarh | SDM सस्पेंड, ग्रामीण की मौत के बाद एक्शन

Chhattisgarh: SDM suspended after villager’s death

रायपुर। बलरामपुर जिले के कुसमी एसडीएम करूण डहरिया को राज्य सरकार ने निलंबित कर दिया है। अवैध बॉक्साइट खनन की जांच के दौरान ग्रामीणों से मारपीट और एक व्यक्ति की मौत के मामले में यह कार्रवाई की गई है।

बताया गया है कि हंसपुर गांव में जांच के दौरान एसडीएम और उनके साथ मौजूद लोगों का ग्रामीणों से विवाद हो गया। आरोप है कि रॉड और डंडों से की गई पिटाई में 60 वर्षीय रामनरेश राम की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि अजीत उरांव और आकाश अगरिया घायल हुए हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया था और ग्रामीणों ने कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।

मामले में एसडीएम समेत चार लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। घटना कुसमी थाना क्षेत्र की है। ग्रामीणों का आरोप है कि वे खेत से सिंचाई कर लौट रहे थे, तभी उन्हें रोककर मारपीट की गई।

घटना को लेकर यह भी सवाल उठ रहे हैं कि जांच के लिए निजी वाहन और निजी लोगों के साथ क्यों गए थे। सूत्रों के अनुसार, बाद में राजस्व अमले को बुलाया गया।

करूण डहरिया 2019 बैच के राज्य प्रशासनिक सेवा अधिकारी हैं और पहले भी विवादों में रह चुके हैं। गरियाबंद में सीईओ रहते हुए रिश्वत लेने के मामले में वे गिरफ्तार भी हो चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *