कटघोरा के अटल परिसर में कथित घोटाला, विपक्ष का हमला और युवा कांग्रेस का प्रदर्शन

कटघोरा। कोरबा जिले की कटघोरा नगर पालिका परिषद में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में बनाए गए ‘अटल परिसर’ और वहां स्थापित प्रतिमा को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। प्रतिमा को लेकर आरोप है कि निर्धारित मानकों के अनुसार कांस्य (ब्रॉन्ज) की मूर्ति लगाने के बजाय सीमेंट की प्रतिमा बनाकर उस पर ब्रॉन्ज रंग चढ़ा दिया गया। मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और विधायक देवेंद्र यादव ने सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं युवा कांग्रेस ने भी मोर्चा खोलते हुए अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है।
बारिश में खुली प्रतिमा की हकीकत
जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ शासन की अटल परिसर योजना के तहत कटघोरा में अटल बिहारी वाजपेयी की कांस्य प्रतिमा स्थापित की जानी थी। लेकिन हालिया बारिश के बाद प्रतिमा का पेंट उखड़ने लगा, जिससे अंदर सीमेंट और अन्य सामग्री दिखाई देने लगी। इसके बाद स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने निर्माण कार्य में अनियमितता का आरोप लगाया।
शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

भूपेश बघेल का हमला
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि भाजपा सरकार ने अपने ही नेता अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा निर्माण में भी घोटाला कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रतिमा में तांबे के भीतर सीमेंट भरा गया है और यह भी जांच का विषय है कि तांबा असली है या नहीं। उन्होंने कहा कि इस निर्माण का ठेका भाजपा से जुड़े व्यक्ति को दिया गया था और “अटल जी की आत्मा यह सब देखकर दुखी होगी।”
दीपक बैज ने उठाए नैतिकता पर सवाल
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा ने भगवान राम और गौमाता के नाम पर राजनीति करने के बाद अब अपने आदर्श अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा निर्माण में भी कथित घोटाला कर दिया। उन्होंने कहा कि इस मामले ने सरकार की नैतिकता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
देवेंद्र यादव बोले- ‘ब्रॉन्ज की जगह ब्रॉन्ज कलर’
विधायक देवेंद्र यादव ने तंज कसते हुए कहा कि कांस्य प्रतिमा के लिए फंड आया था, लेकिन सीमेंट की मूर्ति बनाकर उस पर ब्रॉन्ज रंग कर दिया गया। उन्होंने इसे भाजपा सरकार का एक और भ्रष्टाचार बताया।
CMO को हटाने की मांग, अनिश्चितकालीन धरना शुरू
युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विकास सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ता नगर पालिका कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए हैं। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि मुख्य नगरपालिका अधिकारी (CMO) को तत्काल हटाया जाए और निर्माण कार्य में कथित भ्रष्टाचार के दोषियों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाए।
विकास सिंह ने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
जांच जारी, बढ़ा प्रशासन पर दबाव
फिलहाल मामले की प्रशासनिक जांच जारी है। दूसरी ओर, कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन और लगातार बढ़ते राजनीतिक दबाव के बीच कटघोरा नगर पालिका प्रशासन की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।
