कोरबा के तरदा गांव में खेत में मिला मगरमच्छ, ग्रामीणों ने सुरक्षित पकड़ा

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा शहर से लगे तरदा गांव में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने खेत में एक मगरमच्छ को देखा। खेत में मगरमच्छ दिखाई देने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। हालांकि ग्रामीणों ने सावधानी बरतते हुए उसे सुरक्षित पकड़ लिया और इसकी सूचना वन विभाग को दी।
खेत में काम करने पहुंचे किसानों की पड़ी नजर
बताया जा रहा है कि सुबह किसान खेत में काम करने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर खेत में मौजूद मगरमच्छ पर पड़ी। मगरमच्छ को देखते ही किसानों ने आसपास के ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। आकार में छोटा होने के कारण इसे मगरमच्छ का बच्चा बताया जा रहा है।

हसदेव नदी से भटककर खेत में पहुंचने का अनुमान
ग्रामीणों के मुताबिक, तरदा गांव के पास से हसदेव नदी गुजरती है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि मगरमच्छ नदी से भटककर खेतों की ओर पहुंचा होगा। नदी से सटे क्षेत्र में मगरमच्छ की मौजूदगी को देखते हुए आसपास के इलाकों में भी सतर्कता बढ़ाई जा रही है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम
मगरमच्छ मिलने की सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई। रेस्क्यू टीम के सदस्य जितेंद्र सारथी ने बताया कि फिलहाल एक ही मगरमच्छ मिला है, जिसे ग्रामीणों ने पकड़कर रखा हुआ था। उच्च अधिकारियों के निर्देश के अनुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
वन विभाग की टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि मगरमच्छ खेत तक कैसे पहुंचा और आसपास के क्षेत्र में कहीं और मगरमच्छ तो मौजूद नहीं हैं। नदी से लगे होने के कारण ग्रामीणों को भी सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।

