उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने रोपा अमरूद का पौधा, पर्यावरण संरक्षण के लिए किया अधिक पौधे लगाने का आह्वान

बिलासपुर, 8 अगस्त 2026। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज बिलासपुर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ द्वारा आयोजित वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम में अमरूद का पौधा रोपित किया। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि वृक्ष हमारे पर्यावरण की अनमोल धरोहर हैं। केवल पौधारोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों की देखभाल और उनका संरक्षण भी हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पौधे लगाकर आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर पर्यावरण तैयार किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि हरियाली बढ़ने से पर्यावरण बेहतर और स्वस्थ बनेगा। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण के साथ उनकी सुरक्षा और नियमित देखभाल का संकल्प लेना चाहिए।
उप मुख्यमंत्री ने भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ द्वारा आयोजित वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यार्थियों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी से पर्यावरण संरक्षण के अभियान को और व्यापक बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में विधायक सुशांत शुक्ला, अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय के कुलपति ललित प्रकाश पटैरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, कलेक्टर संजय अग्रवाल सहित भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।





