स्वतंत्रता दिवस से पहले RPF-DRI की बड़ी कार्रवाई, करोड़ों का सोना जब्त

रायपुर। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) क्राइम ब्रांच नागपुर और रायपुर ने राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 12262) से करीब 1.242 किलोग्राम विदेशी सोना जब्त किया है। जब्त सोने की अनुमानित कीमत करीब 1.96 करोड़ रुपये बताई जा रही है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, RPF और DRI की टीम ने स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर ट्रेनों में चल रही सघन जांच के दौरान यह कार्रवाई की। जांच के दौरान भंडारा और नागपुर के बीच दुरंतो एक्सप्रेस के B-12 कोच में संदिग्ध गतिविधि के आधार पर दो यात्रियों की तलाशी ली गई। तलाशी में उनके पास से विदेशी सोने के 7 बिस्किट और एक सोने की रॉड बरामद हुई।
जूते और जेब में छिपाकर ले जा रहे थे सोना
जांच एजेंसियों के मुताबिक, आरोपियों ने सोने को सुरक्षा जांच से बचाने के लिए अपने जूते और जेब में छिपा रखा था। बरामद सोने का कुल वजन 1.242 किलोग्राम पाया गया। इसकी बाजार कीमत लगभग 1.96 करोड़ रुपये आंकी गई है।
कस्टम एक्ट के तहत मामला दर्ज
मामले की आगे की जांच DRI नागपुर को सौंपी गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ कस्टम एक्ट, 1962 की धारा 135 के तहत कार्रवाई की गई है। एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि विदेशी सोना भारत में कहां से लाया गया था और इसे किस व्यक्ति या नेटवर्क तक पहुंचाया जाना था।
सोना तस्करी के नेटवर्क की जांच तेज
इस कार्रवाई के बाद जांच एजेंसियां सोना तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर सोने के स्रोत, संभावित डिलीवरी और इस तस्करी में शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। स्वतंत्रता दिवस से पहले रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में बढ़ाई गई सुरक्षा और निगरानी के दौरान हुई इस कार्रवाई को अहम सफलता माना जा रहा है।


