छत्तीसगढ़ में खरीफ की बोनी 97% पूरी, 47.40 लाख हेक्टेयर में फसलें लहलहाईं

रायपुर, 25 अगस्त 2026। प्रदेश में खरीफ फसलों की बोनी का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। 25 अगस्त की स्थिति में राज्य के 47.40 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी पूरी हो चुकी है, जो निर्धारित लक्ष्य का 97 प्रतिशत है। इस खरीफ सीजन में सरकार ने 48.69 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में विभिन्न फसलों की बोनी का लक्ष्य निर्धारित किया है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने किसानों को खेती-किसानी में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए अधिकारियों को मांग के अनुरूप प्रमाणित खाद और बीज की सुगम उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सोसायटियों में पर्याप्त मात्रा में खाद-बीज का भंडारण रखने और वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी करने को कहा है। लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं। कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री श्री रामविचार नेताम के मार्गदर्शन में कृषि विभाग के अधिकारी व्यवस्था की सतत निगरानी कर रहे हैं।
12.07 लाख मीट्रिक टन खाद का वितरण
कृषि विभाग के अनुसार, प्रदेश में खरीफ सीजन 2026 के लिए 15.55 लाख मीट्रिक टन उर्वरक वितरण का लक्ष्य रखा गया है। इसके विरुद्ध सहकारी और निजी क्षेत्रों में 16.67 लाख मीट्रिक टन उर्वरक का भंडारण किया जा चुका है। अब तक किसानों को 12.07 लाख मीट्रिक टन खाद वितरित की जा चुकी है, जो निर्धारित लक्ष्य का 72 प्रतिशत है।
इसी तरह बीज निगम ने 4.95 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरण का लक्ष्य रखा है। इसके विरुद्ध 4.80 लाख क्विंटल बीज का भंडारण किया गया है और अब तक 4.58 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज किसानों को वितरित किया जा चुका है। यह मांग का करीब 93 प्रतिशत है।
47.40 लाख हेक्टेयर में बोनी पूरी
प्रदेश में मानसून के साथ शुरू हुई खेती-किसानी अब अंतिम चरण में है। किसानों ने धान, मक्का, कोदो, कुटकी, अरहर, मूंग, मूंगफली, रामतिल सहित विभिन्न खरीफ फसलों की 47.40 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी पूरी कर ली है। यह कुल निर्धारित लक्ष्य का 97 प्रतिशत है।
839.4 मिमी औसत वर्षा दर्ज
अधिकारियों के मुताबिक 25 अगस्त की सुबह तक प्रदेश में 839.4 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है। राज्य की औसत वार्षिक वर्षा 1246.3 मिलीमीटर है। इस अवधि में दर्ज औसत वर्षा पिछले 10 वर्षों की औसत वर्षा 810.2 मिलीमीटर की तुलना में 29.2 मिलीमीटर अधिक है। वहीं पिछले वर्ष इसी अवधि में 821.0 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई थी।
किसानों को 7778.76 करोड़ रुपये का अल्पकालीन कृषि ऋण
किसानों को खेती-किसानी के लिए आर्थिक सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से अल्पकालीन कृषि ऋण भी उपलब्ध कराया जा रहा है। चालू खरीफ सीजन में 24 अगस्त तक किसानों को 7778.76 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया जा चुका है। पिछले वर्ष इसी अवधि में 6449.95 करोड़ रुपये का ऋण वितरित हुआ था।
सरकार ने खरीफ सीजन 2026 में किसानों को कुल 8800 करोड़ रुपये का अल्पकालीन कृषि ऋण उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

