छत्तीसगढ़ में अवैध शराब के खिलाफ बड़ा अभियान, लापरवाही पर अफसरों पर भी होगी कार्रवाई

रायपुर, 9 सितंबर 2026। मध्य प्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब के सेवन से हुई मौतों और गंभीर घटनाओं के बाद छत्तीसगढ़ आबकारी विभाग पूरी तरह अलर्ट हो गया है। प्रदेश में अवैध और जहरीली शराब के निर्माण, तस्करी, भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग ने प्रदेशव्यापी सघन जांच अभियान शुरू किया है।
आबकारी आयुक्त पदुम सिंह एल्मा ने सभी मैदानी अधिकारियों, जिला अधिकारियों और उड़नदस्ता टीमों को अवैध शराब के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर 24 घंटे निगरानी
विशेष अभियान के तहत प्रदेश के रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, हवाई अड्डे और अंतरराज्यीय सीमाओं पर स्थित आबकारी चेकपोस्ट में निगरानी बढ़ा दी गई है। यहां वाहनों की 24 घंटे सघन जांच की जा रही है, ताकि दूसरे राज्यों से छत्तीसगढ़ में अवैध शराब की तस्करी को रोका जा सके।
अंतरराज्यीय सीमाओं पर विशेष रूप से संदिग्ध वाहनों और शराब परिवहन की जांच की जा रही है।
हर जिले में बनेगी विशेष जांच टीम
अवैध और जहरीली शराब के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई के लिए प्रत्येक जिले में उड़नदस्ते के अतिरिक्त विशेष जांच दल (Special Task Team) गठित किए गए हैं। ये टीमें संदिग्ध स्थानों पर निगरानी रखने के साथ-साथ अवैध शराब के निर्माण और बिक्री की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करेंगी।
शराब दुकानों और ढाबों पर औचक जांच
अभियान के तहत देशी और विदेशी मदिरा दुकानों की भी सघन जांच की जा रही है। विभाग द्वारा नॉन-ड्यूटी पेड (NDP), लीकेज और मिलावटी मदिरा की जांच की जा रही है।
इसके अलावा होटल, ढाबों और अवैध अहातों पर भी दबिश देकर शराब की जब्ती और अन्य कानूनी कार्रवाई तेज कर दी गई है।
अवैध कच्ची शराब बनाने वालों पर शिकंजा
आबकारी विभाग ने वनांचलों, नदी-नालों और अन्य संदिग्ध इलाकों में अवैध शराब बनाने वालों के खिलाफ विशेष सर्च अभियान शुरू किया है। विभाग की नजर अवैध स्पिरिट के कारोबार से जुड़े लोगों और उनके सप्लाई नेटवर्क पर भी है।
अधिकारियों को Source of Origin का पता लगाने और अवैध शराब की सप्लाई चेन से जुड़े लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
शिकायत मिलते ही होगी तत्काल कार्रवाई
आबकारी विभाग ने आम नागरिकों से भी अवैध शराब के खिलाफ अभियान में सहयोग करने की अपील की है। विभाग के अनुसार टोल-फ्री नंबर 14405, मनपसंद ऐप, समाचार पत्रों और आम नागरिकों से मिलने वाली सूचनाओं पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अवैध शराब के निर्माण, भंडारण या बिक्री की जानकारी तत्काल संबंधित विभाग को दें।
रोज होगी अभियान की मॉनिटरिंग
प्रदेशभर में चल रही कार्रवाई की दैनिक निगरानी के लिए राज्य स्तरीय उड़नदस्ता के प्रभारी अधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। नोडल अधिकारी को प्रतिदिन दोपहर 12 बजे तक पूरे प्रदेश में हुई कार्रवाई की समेकित रिपोर्ट आबकारी आयुक्त को प्रस्तुत करनी होगी।
आबकारी विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि शराब का सेवन करने वाले लोग केवल छत्तीसगढ़ शासन द्वारा निर्धारित मदिरा दुकानों से ही मदिरा खरीदें और संदिग्ध या अवैध शराब से पूरी तरह दूर रहें।


