
रायपुर। छत्तीसगढ़ में अवैध खनन और रेत परिवहन के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के कोलबिर्रा क्षेत्र में सीएम हेल्पलाइन और ग्रामीणों से मिली शिकायत के बाद खनिज विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध रेत परिवहन में लगे 5 ट्रैक्टरों को जब्त किया है।
शिकायत मिलते ही मौके पर पहुंची टीम
कोलबिर्रा क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन की शिकायत मिलने के बाद खनिज विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पांच ट्रैक्टर रेत का अवैध परिवहन करते पाए गए। इसके बाद विभाग ने सभी वाहनों को जब्त कर कोटमी चौकी में सुरक्षित रखवा दिया।
विभाग की ओर से जब्त वाहनों के मालिकों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई
जिला प्रशासन के मुताबिक, नागरिकों की शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। कलेक्टर विजय दयाराम के. ने अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों की गंभीरता से जांच करते हुए उनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
इन्हीं निर्देशों के तहत संबंधित विभागों द्वारा शिकायतों पर मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की जा रही है। खनिज विभाग द्वारा अवैध उत्खनन और परिवहन से जुड़ी शिकायतों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
अवैध रेत परिवहन पर जारी रहेगा अभियान
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण और निगरानी के साथ शिकायतों की जांच की जा रही है।
प्रशासन का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई का उद्देश्य खनिज संसाधनों के अवैध दोहन पर रोक लगाना और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के साथ नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करना है।
इस कार्रवाई में सहायक खनि अधिकारी आदित्य मानकर और खनिज विभाग के स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


