अपराधटॉप न्यूज़रायपुर

खाली बोतलों के नीचे छिपा था करोड़ों का गांजा, जशपुर पुलिस ने ट्रक समेत तस्कर को दबोचा

रायपुर। जशपुर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार दूसरे दिन बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 क्विंटल 32 किलो 380 ग्राम गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 16 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने मामले में उत्तर प्रदेश के बहराईच निवासी विनोद कुमार गुप्ता (42 वर्ष) को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी गांजा ओडिशा से लेकर उत्तर प्रदेश जा रहा था। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए ट्रक में गांजे को खाली बोतलों से भरी बोरियों के नीचे छिपाकर रखा था। जांच के दौरान पुलिस ने गांजे से भरे 597 पैकेट बरामद किए।

लावाकेरा बैरियर पर पकड़ा गया ट्रक

पुलिस के अनुसार, 4 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे लावाकेरा पुलिस चेकिंग बैरियर पर ओडिशा की ओर से आने वाले संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान ट्रक क्रमांक UP-47-AT-9839 को संदेह के आधार पर रोका गया।

ट्रक के ऊपर खाली बोतलों की शीशियों से भरी बोरियां रखी गई थीं। पुलिस टीम ने जब इन बोरियों को हटाकर नीचे रखी बोरियों की जांच की तो उनमें टेप से लिपटे पैकेट मिले। पैकेट खोलने पर गांजा बरामद हुआ।

20 बोरियों में मिले 597 पैकेट

गवाहों की मौजूदगी में पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली। कुल 20 बोरियों से 597 पैकेट बरामद हुए, जिनका कुल वजन 632.380 किलो पाया गया। आरोपी से गांजे से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विनोद कुमार गुप्ता, निवासी बहराईच, उत्तर प्रदेश बताया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि वह गांजा ओडिशा से लेकर उत्तर प्रदेश जा रहा था।

3.41 करोड़ से ज्यादा की कुल जब्ती

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 632.380 किलो गांजा, एक ट्रक, दो मोबाइल फोन और 3 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं। गांजे की अनुमानित कीमत 3 करोड़ 16 लाख 19 हजार रुपये, ट्रक की कीमत करीब 25 लाख रुपये और मोबाइल फोन की कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई गई है।

इस तरह नगदी समेत कुल जब्ती की कीमत करीब 3 करोड़ 41 लाख 47 हजार रुपये है।

दो दिन में 10 क्विंटल से ज्यादा गांजा बरामद

लावाकेरा में जशपुर पुलिस की यह लगातार दूसरे दिन बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले 2 अक्टूबर को एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस ने इसी क्षेत्र से 440.630 किलो गांजा बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया था।

दोनों मामलों को मिलाकर महज दो दिनों में लावाकेरा क्षेत्र से 1,073.010 किलो यानी 10 क्विंटल से अधिक गांजा बरामद किया जा चुका है।

तस्करी के पूरे नेटवर्क की तलाश

मामले में थाना तपकरा में अपराध क्रमांक 87/2026 के तहत धारा 20(बी)(ii)(सी) एनडीपीएस एक्ट में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा ओडिशा में कहां से खरीदा गया था और उत्तर प्रदेश में इसकी डिलीवरी किसे की जानी थी।

पुलिस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की भी जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों के मुताबिक जांच में जिसकी भी संलिप्तता सामने आएगी, उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि सरगुजा रेंज आईजी के निर्देश पर नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। सतर्कता और बेहतर समन्वय से 6 क्विंटल से अधिक गांजा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button