
रायपुर। राजधानी रायपुर के सड्डू इलाके में सोमवार को प्रिंस ढाबे पर प्रशासन की कार्रवाई के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब ढाबा संचालक ने विरोध में खुद पर पेट्रोल उड़ेल लिया। प्रशासन की टीम बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ ढाबे को अवैध बताते हुए कार्रवाई करने पहुंची थी। स्थिति बिगड़ती देख प्रशासन ने फिलहाल कार्रवाई स्थगित कर दी।
जमीन के सीमांकन को लेकर विवाद
प्रशासन की टीम द्वारा ढाबे को अवैध बताते हुए तोड़ने की कार्रवाई शुरू की जा रही थी। इसी दौरान ढाबा संचालक और अधिकारियों के बीच विवाद की स्थिति बन गई। संचालक ने आरोप लगाया कि बिना जमीन का सीमांकन किए ही प्रशासन कार्रवाई करने पहुंच गया है।
संचालक का यह भी दावा है कि ढाबे से जुड़ा मामला कोर्ट में विचाराधीन है। इसके बावजूद कार्रवाई की जा रही थी। इसी बात को लेकर मौके पर अधिकारियों और संचालक के बीच काफी देर तक बातचीत होती रही।

पेट्रोल उड़ेलने के बाद मचा हड़कंप
कार्रवाई के विरोध में ढाबा संचालक ने अचानक खुद पर पेट्रोल उड़ेल लिया और आग लगाने की कोशिश की। घटना के बाद मौके पर मौजूद अधिकारियों और पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और किसी अप्रिय घटना को होने से रोका।
कोर्ट के आदेश तक कार्रवाई रोकी गई
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने फिलहाल ढाबे पर तोड़फोड़ की कार्रवाई रोक दी है। तहसीलदार के अनुसार, कोर्ट का आदेश आने तक कार्रवाई स्थगित रहेगी। इसके बाद कोर्ट के आदेश और मामले की स्थिति के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

