रायपुर में गरजे सुधांशु त्रिवेदी, कांग्रेस और विपक्ष पर उठाए सवाल

रायपुर। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी शुक्रवार को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंचे। यहां बीजेपी प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कांग्रेस, राहुल गांधी और विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत आयोजित इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव और सांसद संतोष पांडेय भी मौजूद रहे।
दिल्ली में हावी होने की कोशिश कर रहे दिमागी नक्सल
डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि भारत लोकतंत्र की जननी है और लोकतंत्र देश का सबसे बड़ा आधार स्तंभ है। भारत आज दुनिया में तेजी से उभरती हुई शक्ति बन रहा है, लेकिन विश्व की कुछ शक्तियां देश को अस्थिर करने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस समेत विपक्षी दल ऐसी शक्तियों के साथ खड़े नजर आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में बीजेपी सरकार ने नक्सल समस्या को खत्म करने की दिशा में बड़ी सफलता हासिल की है, लेकिन अब दिल्ली में दिमागी नक्सल हावी होने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष की गतिविधियों को भी अराजकता फैलाने का प्रयास बताया।

जनता को पप्पू समझने की कोशिश न करे कांग्रेस
SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि निर्वाचन आयोग मतदाता सूची को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए वैधानिक प्रक्रिया अपना रहा है, लेकिन कांग्रेस हर वैधानिक प्रक्रिया का विरोध कर रही है।
राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता को पप्पू समझने की कोशिश न करे। उन्होंने राहुल गांधी की यात्राओं और संदिग्ध व्यक्तियों से मुलाकात को लेकर भी सवाल उठाए।
दिवाली के समय आंदोलन करने पर उठाए सवाल
सुधांशु त्रिवेदी ने दिल्ली में 1 नवंबर को प्रस्तावित आंदोलन को लेकर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने पूछा कि आखिर दिवाली के समय ही आंदोलन क्यों किया जा रहा है और इसके पीछे कौन-सी शक्तियां काम कर रही हैं?
उन्होंने कहा कि देश की जनता अराजकता को स्वीकार नहीं करेगी। लोकतंत्र के नाम पर देश को अस्थिर करने की कोशिशों का जनता जवाब देगी।



