छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को मिलेंगे 6 नए न्यायाधीश, सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने दी नियुक्ति प्रस्ताव को मंजूरी

रायपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में न्यायाधीशों की नियुक्ति को लेकर महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 30 अक्टूबर को हुई बैठक में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के न्यायाधीश के रूप में 6 लोगों की नियुक्ति के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इनमें 4 अधिवक्ता और 2 न्यायिक अधिकारी शामिल हैं।
सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की ओर से जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, अधिवक्ता वर्ग से आनंद शुक्ला, रत्न निधि पुष्टि (आरएन पुष्टि उर्फ रतन पुष्टि), शशांक ठाकुर और सौरभ शर्मा के नामों को मंजूरी दी गई है।
वहीं, न्यायिक अधिकारियों की श्रेणी से रजनीश श्रीवास्तव और बलराम प्रसाद वर्मा को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किए जाने के प्रस्ताव पर सहमति जताई गई है।
कॉलेजियम की मंजूरी के बाद अब इन छह नामों की नियुक्ति से जुड़ी आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इन नियुक्तियों से छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में न्यायाधीशों की संख्या बढ़ाने और न्यायिक कार्यों के संचालन में सहयोग मिलने की उम्मीद है।


