राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का युवाओं को संदेश, बड़े सपने देखें और देश की सेवा करें ज्ञान के साथ विनम्रता और सफलता सेवा भाव जरूरी

रायपुर, 22 अक्टूबर 2026। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने युवाओं से बड़े सपने देखने, निरंतर सीखने और अपनी सफलता को समाज एवं राष्ट्र की सेवा से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं और महिलाओं की समान भागीदारी जरूरी है। राष्ट्रपति गुरुवार को रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में नुआखाई जुहार के अवसर पर आयोजित सेवा सम्मान पर्व एवं युवा प्रबोधन कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं।
कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, युवा और महिलाएं उपस्थित रहे।
असफलता से सीखें युवा, सफलता में सेवा भाव हो
राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि युवाओं को ज्ञान के साथ विनम्रता, महत्वाकांक्षा के साथ नैतिकता और सफलता के साथ सेवा भाव अपनाना चाहिए। असफलता से निराश होने के बजाय उससे सीखकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं का ज्ञान जरूरतमंदों के काम आए और उनकी प्रतिभा समाज की समस्याओं के समाधान में योगदान दे, तभी सफलता सार्थक होगी।

उन्होंने नुआखाई पर्व को कृषि परंपरा, सामाजिक एकता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक बताया। राष्ट्रपति ने कहा कि अन्न का सम्मान करना, किसानों के योगदान को स्वीकार करना और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करना सभी का सामूहिक दायित्व है।
विकसित भारत के लिए महिलाओं की भागीदारी जरूरी
राष्ट्रपति ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने के लिए महिलाओं की समान भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने महिलाओं से समाज और राष्ट्र निर्माण में आगे आने की अपील की। साथ ही युवाओं और पुरुषों से आग्रह किया कि वे बेटियों और बहनों को अपने सपने पूरे करने के लिए समान अवसर और सुरक्षित वातावरण प्रदान करें।
छत्तीसगढ़ में विकास की नई रोशनी
छत्तीसगढ़ में हो रहे बदलावों का उल्लेख करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों के प्रयासों तथा युवाओं की दृढ़ इच्छाशक्ति से प्रदेश के युवा नक्सलवाद के भटकाव से निकलकर मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जहां कभी आतंक का अंधेरा था, वहां आज विकास का उजियारा फैल रहा है।
युवाओं के लिए शिक्षा, रोजगार और कौशल विकास पर जोर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का संघर्षपूर्ण जीवन देश की बेटियों, युवाओं और जनजातीय समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। राज्य सरकार युवाओं को शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास, नवाचार और उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराने के लिए काम कर रही है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, गीदम, कुनकुरी, जांजगीर-चांपा, मनेन्द्रगढ़ और कवर्धा में पांच नए मेडिकल कॉलेज शुरू किए गए हैं। नवा रायपुर में नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट स्थापित किया जा रहा है, जहां प्रतिवर्ष लगभग 4,000 युवाओं को आधुनिक तकनीक और व्यावसायिक प्रशिक्षण देने का लक्ष्य है।

उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ एआई मिशन के माध्यम से छह लाख विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रशिक्षण देने और स्टार्टअप प्रोत्साहन नीति के तहत युवाओं के नवाचार को बढ़ावा देने की योजना है। इसके लिए 100 करोड़ रुपये का स्टार्टअप फंड बनाया गया है।
रक्तदान महाकुंभ में 2,548 लोगों ने किया रक्तदान
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित रक्तदान महाकुंभ में 2,548 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया, जिनमें 1,188 महिलाएं शामिल रहीं। मुख्यमंत्री ने रक्तदाताओं की सराहना करते हुए इसे मानवता, सामाजिक सहभागिता और नारी शक्ति का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

