Chhattisgarh: Class 4 exam controversy, education officer issued show cause notice
रायपुर। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में कक्षा चौथी की अंग्रेजी अर्धवार्षिक परीक्षा के प्रश्न पत्र को लेकर प्रशासन ने गंभीर कार्रवाई की चेतावनी दी है। लोक शिक्षण संचालनालय ने जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे को “कारण बताओ” नोटिस भेजा है।
समाचार पत्र नवभारत में 8 जनवरी 2026 को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, कक्षा चौथी के अंग्रेजी प्रश्न पत्र में पूछा गया प्रश्न था – “मोना के कुत्ते का नाम क्या है?” विकल्पों में शेरू के साथ भगवान राम का नाम शामिल था। इस पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचने और शासन की छवि धूमिल होने की बात कही गई है।
लोक शिक्षण संचालनालय ने नोटिस में स्पष्ट किया है कि प्राथमिक शालाओं के प्रश्न पत्र तैयार करने, मुद्रण और वितरण की पूरी जिम्मेदारी जिला शिक्षा अधिकारी की है। यह लापरवाही छ.ग. सिविल सेवा आचरण नियम, 1965 के नियम 3 का उल्लंघन मानी गई है।
जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया गया है कि वे तत्काल लिखित प्रतिवाद दें। यदि प्रतिवाद समय पर नहीं मिला, तो उनके खिलाफ एकपक्षीय कार्रवाई की जाएगी।
