छत्तीसगढ़टॉप न्यूज़शिक्षा

1812 पदों के लिए 34 हजार से अधिक अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, 34,604 अभ्यर्थी होंगे शामिल

रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में 1812 रिक्त संविदा पदों पर भर्ती के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) 31 अक्टूबर से 4 नवंबर 2026 तक आयोजित की जाएगी। लोक शिक्षण संचालनालय ने परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं। प्रदेश के 24 परीक्षा केंद्रों में कुल 34,604 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।

लोक शिक्षण संचालनालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, भर्ती परीक्षा के लिए रायपुर और बिलासपुर में 6-6 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। वहीं, दुर्ग और भिलाई में 4-4, जांजगीर-चांपा जिले के चांपा में एक, सरगुजा में एक तथा बस्तर जिले के जगदलपुर में 2 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। परीक्षा केंद्र और अन्य जरूरी दिशा-निर्देश अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र में दिए गए हैं।

तीन पालियों में होगी CBT परीक्षा

स्वामी आत्मानंद विद्यालय भर्ती परीक्षा प्रतिदिन तीन पालियों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा का निर्धारित समय इस प्रकार है:

  • प्रथम पाली: सुबह 8:30 बजे से 10:30 बजे तक
  • द्वितीय पाली: दोपहर 12:30 बजे से 2:30 बजे तक
  • तृतीय पाली: शाम 4:30 बजे से 6:30 बजे तक

अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से 90 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचना होगा। प्रथम पाली के अभ्यर्थियों को सुबह 7 बजे, दूसरी पाली के अभ्यर्थियों को सुबह 11 बजे और तीसरी पाली के अभ्यर्थियों को दोपहर 3 बजे से प्रवेश दिया जाएगा।

परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पहले केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। इसलिए परीक्षार्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपने प्रवेश पत्र में दर्ज परीक्षा केंद्र और रिपोर्टिंग समय की पहले से जांच कर लें।

100 अंकों की होगी परीक्षा, गलत उत्तर पर नेगेटिव मार्किंग

सीबीटी परीक्षा में प्रत्येक प्रश्नपत्र के लिए दो घंटे का समय निर्धारित किया गया है। प्रश्नपत्र में कुल 100 प्रश्न होंगे और परीक्षा का पूर्णांक 100 अंक होगा। प्रत्येक सही उत्तर के लिए एक अंक मिलेगा, जबकि गलत उत्तर देने पर एक चौथाई अंक यानी 0.25 अंक काटे जाएंगे।

परीक्षा समाप्त होने के बाद उत्तरों की मॉडल उत्तर कुंजी जारी की जाएगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा से संबंधित आगे की जानकारी और दिशा-निर्देशों के लिए लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा जारी सूचनाओं पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

परीक्षा केंद्र पर ये बातें रखें ध्यान

लोक शिक्षण संचालनालय ने सभी अभ्यर्थियों से निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने, प्रवेश पत्र में दिए गए निर्देशों का पालन करने और जरूरी दस्तावेज साथ लाने की अपील की है। परीक्षार्थियों को अपना प्रवेश पत्र और उसमें बताए गए मान्य मूल पहचान पत्र के साथ परीक्षा केंद्र पहुंचना चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button