छत्तीसगढ़सरकारी योजना

सीएम विष्णु देव साय ने लुंड्रा (सरगुजा) में 280 करोड़ रुपये से अधिक के कार्यों का किया लोकार्पण एवं शिलान्यास

रायपुर, 10 अप्रैल 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सरगुजा जिले के लुंड्रा में 280 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। आयोजित किसान सम्मेलन में बड़ी संख्या में उपस्थित किसानों और स्थानीय नागरिकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएँ क्षेत्र के समग्र और संतुलित विकास को नई गति देंगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि कुल 281 करोड़ रुपये के कार्यों में 28 करोड़ रुपये के कार्यों का लोकार्पण तथा 253 करोड़ रुपये के कार्यों का शिलान्यास शामिल है। उन्होंने इसे सरगुजा क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक अवसर बताते हुए कहा कि वर्षों बाद लुंड्रा में इतने बड़े पैमाने पर विकास कार्यों की शुरुआत एक साथ हो रही है। उन्होंने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सरगुजा को अंबिकापुर से दिल्ली और कोलकाता तक हवाई सेवाओं से जोड़ना भी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

किसानों के हित सर्वोपरि

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए ठोस कदम उठा रही है। प्रदेश में किसानों से 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है तथा भुगतान 24 से 48 घंटे के भीतर सुनिश्चित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि किसान उन्नति योजना के तहत अंतर की राशि भी समयबद्ध रूप से सीधे किसानों के खातों में हस्तांतरित की जा रही है।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसान क्रेडिट कार्ड और प्रधानमंत्री किसान सिंचाई योजना जैसी पहलें किसानों के लिए लाभकारी सिद्ध हो रही हैं, जिन्हें राज्य में प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है।

आवास, जनजातीय उत्थान और पुनर्वास

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने शपथ ग्रहण के 24 घंटे के भीतर 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति प्रदान की थी, जिनमें से 8 लाख से अधिक आवास पूर्ण होकर हितग्राहियों को सौंपे जा चुके हैं।
प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत विशेष पिछड़ी जनजातियों को आवास, बिजली, पानी और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि बस्तर क्षेत्र अब नक्सलवाद से मुक्त होकर विकास के नए दौर में प्रवेश कर चुका है। आत्मसमर्पित नक्सलियों के पुनर्वास के लिए विशेष आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिससे उन्हें मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।

महिला सशक्तिकरण और सामाजिक योजनाएं

मुख्यमंत्री ने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत लगभग 70 लाख महिलाओं को प्रतिमाह आर्थिक सहायता दी जा रही है। इसके साथ ही तेंदूपत्ता संग्रहण मूल्य में वृद्धि, चरण पादुका योजना की पुनः शुरुआत और पारदर्शी प्रशासनिक व्यवस्था लागू की गई है।

स्वास्थ्य और अधोसंरचना पर जोर

प्रदेश में पांच नए मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं तथा 375 नई एंबुलेंस सेवाएं शुरू की गई हैं। मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना और प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेने का भी उन्होंने आह्वान किया।

लुंड्रा के लिए नई घोषणाएं

मुख्यमंत्री ने लुंड्रा क्षेत्र के लिए आधुनिक स्टेडियम निर्माण, सन्ना-जशपुर-धंवरपुर-सरगुजा से बनारस तक सड़क निर्माण, ब्लॉक मुख्यालय में नवीन विश्राम भवन तथा कृषि उप मंडी की स्थापना की घोषणा की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन कार्यों से क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं के लिए नए अवसर सृजित होंगे।

कार्यक्रम में सांसद श्री चिंतामणि महाराज, कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया और प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों की सराहना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button