छत्तीसगढ़

अंबिकापुर बाल संप्रेक्षण गृह से 13 अपचारी बालक फरार, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

Ambikapur observation home

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के अंबिकापुर स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से 13 अपचारी बालकों के फरार होने की घटना ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह पिछले कुछ ही हफ्तों में दूसरी बार है जब इस संस्थान से बड़ी संख्या में बालक भागने में सफल रहे।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात भोजन के बाद अपचारी बालकों ने परिसर के पुराने और जर्जर दरवाजे को क्षतिग्रस्त कर फरार होने की योजना को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा जिलेभर में नाकाबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया गया।

ताजा जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने फरार हुए बालकों में से 5 को पकड़ लिया है, जबकि 8 अन्य की तलाश जारी है। उनकी तलाश के लिए सरगुजा, बलरामपुर और कोरिया जिलों की पुलिस संयुक्त अभियान चला रही है। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और संभावित ठिकानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।

बताया जा रहा है कि फरार हुए अपचारी हत्या, दुष्कर्म, लूट और चोरी जैसे गंभीर मामलों में निरुद्ध थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस फरारी का कथित मास्टरमाइंड वही बालक है, जो 23 जून को हुई पिछली फरारी की घटना में भी शामिल था।

लगातार दूसरी बार हुई इस घटना के बाद बाल संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था, जर्जर भवन और निगरानी तंत्र पर गंभीर प्रश्न उठ रहे हैं। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती तथा पुराने दरवाजों और खिड़कियों को मजबूत करने की प्रक्रिया तेज करने की बात कही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button