छत्तीसगढ़

TTF गांधीनगर में छत्तीसगढ़ की खास पहचान, पर्यटन स्थलों और संभावनाओं का हुआ भव्य प्रदर्शन

रायपुर, 8 अगस्त 2026 छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख पर्यटन गंतव्यों के रूप में स्थापित करने की दिशा में राज्य सरकार के प्रयासों को नई गति मिल रही है। गुजरात के गांधीनगर में 6 से 8 अगस्त तक आयोजित ट्रैवल एंड टूरिज्म फेयर (TTF) में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने प्रभावी सहभागिता दर्ज कराते हुए राज्य की प्राकृतिक, सांस्कृतिक, धार्मिक और ऐतिहासिक पर्यटन संपदा को देशभर के पर्यटन कारोबारियों के सामने प्रस्तुत किया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित इस सहभागिता का उद्देश्य छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय पर्यटन बाजार से जोड़ना और राज्य में पर्यटन गतिविधियों के विस्तार को बढ़ावा देना है।

26 पर्यटन व्यवसायियों ने लिया हिस्सा

TTF गांधीनगर में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के साथ पंजीकृत 26 ट्रैवल एजेंट और होटल व्यवसायियों ने भी भाग लिया। इससे राज्य के पर्यटन स्थलों, यात्रा सुविधाओं और संभावित पर्यटन पैकेजों को देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे पर्यटन कारोबारियों के सामने सीधे प्रस्तुत करने का अवसर मिला।

मेले में देशभर से पहुंचे ट्रैवल एजेंट, टूर ऑपरेटर, होटल व्यवसायी और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि छत्तीसगढ़ पवेलियन पहुंचे और राज्य के पर्यटन स्थलों की जानकारी ली।

100 वर्ग मीटर में तैयार किया गया छत्तीसगढ़ पवेलियन

छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने मेले में 100 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में आकर्षक पवेलियन तैयार किया। इसमें राज्य की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत के साथ प्रमुख पर्यटन स्थलों और पर्यटन की विविध संभावनाओं को प्रदर्शित किया गया।

पवेलियन में आने वाले आगंतुकों को छत्तीसगढ़ के जलप्रपातों, वन क्षेत्रों, धार्मिक स्थलों, ऐतिहासिक धरोहरों, जनजातीय संस्कृति और रोमांचक पर्यटन स्थलों के बारे में जानकारी दी गई।

नए ट्रैवल एजेंटों ने दिखाई रुचि

TTF में छत्तीसगढ़ की सहभागिता के सकारात्मक परिणाम भी देखने को मिले। बड़ी संख्या में नए ट्रैवल एजेंट, टूर ऑपरेटर और पर्यटन व्यवसायी छत्तीसगढ़ पवेलियन पहुंचे और राज्य के पर्यटन स्थलों में रुचि दिखाई।

कई नए पर्यटन व्यवसायियों ने छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के साथ पंजीयन कराने में भी रुचि व्यक्त की। इससे भविष्य में छत्तीसगढ़ के लिए नए पर्यटन पैकेज विकसित होने और देश के अलग-अलग हिस्सों से पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने की उम्मीद है।

पर्यटन उद्योग में निजी भागीदारी को बढ़ावा

TTF में 26 पंजीकृत पर्यटन व्यवसायियों की भागीदारी राज्य में पर्यटन क्षेत्र के विकास में निजी क्षेत्र की भागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पर्यटन कारोबार के विस्तार से स्थानीय स्तर पर रोजगार, होटल एवं परिवहन सेवाओं तथा अन्य व्यवसायों को भी लाभ मिलने की संभावनाएं हैं।

कई राज्यों ने लिया हिस्सा

गांधीनगर में आयोजित इस पर्यटन मेले में भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय और गुजरात पर्यटन के साथ मध्य प्रदेश, ओडिशा, राजस्थान, गोवा, महाराष्ट्र, केरल, पश्चिम बंगाल, गुजरात, उत्तराखंड, पंजाब और दिल्ली समेत कई राज्यों ने सहभागिता की।

एक ही मंच पर विभिन्न राज्यों के पर्यटन उत्पादों और गंतव्यों की प्रस्तुति से पर्यटन कारोबारियों को नए डेस्टिनेशन और व्यावसायिक अवसरों की जानकारी मिली।

राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर मजबूत हो रही छत्तीसगढ़ की पहचान

छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय संस्कृति, लोक परंपराएं, ऐतिहासिक धरोहरें और धार्मिक स्थल देशभर के पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन सकते हैं। ऐसे में TTF जैसे राष्ट्रीय स्तर के आयोजनों में राज्य की भागीदारी पर्यटन प्रचार-प्रसार के लिए महत्वपूर्ण साबित हो रही है।

छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड द्वारा पर्यटन व्यवसायियों के साथ समन्वय बढ़ाकर राज्य के पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय बाजार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इससे पर्यटन क्षेत्र में निवेश, रोजगार, स्थानीय कारोबार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button