टॉप न्यूज़बस्तर

दंतेवाड़ा में तिरंगा यात्रा का जोश, मां दंतेश्वरी की पूजा के बाद उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया शुभारंभ

दंतेवाड़ा, 13 अगस्त 2026। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आयोजित तिरंगा यात्रा के दूसरे दिन दंतेवाड़ा में देशभक्ति और राष्ट्रगौरव का उत्साह देखने को मिला। उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री श्री विजय शर्मा तथा वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद दंतेवाड़ा बस स्टैंड में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर की जनता, समाज प्रमुखों, जनप्रतिनिधियों और पत्रकारों के अमूल्य सहयोग से नक्सलवाद के खात्मे का रास्ता मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा उन इलाकों से गुजर रही है, जहां कभी नक्सल आतंक के कारण पहुंचना भी बेहद मुश्किल था। आज उन्हीं क्षेत्रों में पूरे गौरव और उत्साह के साथ तिरंगा लहराया जा रहा है।

211 वीर बलिदानी जवानों को किया नमन

उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने दंतेवाड़ा जिले के 211 वीर बलिदानी जवानों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि इन जवानों ने देश और समाज की सुरक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया है। तिरंगा यात्रा उनके साहस और बलिदान को याद करने के साथ-साथ बस्तर में बदलते माहौल का प्रतीक भी है।

उन्होंने कहा कि कभी जिन क्षेत्रों में भय और नक्सल आतंक का प्रभाव था, आज वहां राष्ट्रध्वज के साथ लोगों में आत्मविश्वास और राष्ट्रभक्ति का वातावरण दिखाई दे रहा है।

वन मंत्री ने की हर घर तिरंगा लगाने की अपील

वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने आम नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों में तिरंगा लगाने और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि तिरंगे के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

सांसद महेश कश्यप ने बताया ऐतिहासिक गर्व का क्षण

बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप ने तिरंगा यात्रा को ऐतिहासिक और गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह यात्रा उन क्षेत्रों से गुजर रही है, जहां कभी वीर जवानों ने देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया और नक्सल आतंक के कारण आम लोगों का पहुंचना मुश्किल था।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता मिली है। इसके परिणामस्वरूप बस्तर के इन क्षेत्रों में अब विकास और राष्ट्रभक्ति का नया वातावरण तैयार हुआ है।

बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में विधायक श्री चैतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नंदलाल मुड़ामी, छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती ओजस्वी मंडावी, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पायल गुप्ता, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुनीता भास्कर, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री संतोष गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

इसके अलावा बस्तर आईजी श्री बद्रीनाथ मीणा, डीआईजी श्री कमलोचन कश्यप, कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव, पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रमोहन सिंह, डीएफओ श्री रामकृष्ण रंगनाथ वाय, जिला पंचायत सीईओ श्री एम. भार्गव सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी और आम नागरिक कार्यक्रम में शामिल हुए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button