छत्तीसगढ़टॉप न्यूज़संपादकीय

Cyclone Arnab Update: अमित शाह ने CM साय को दिया मदद का भरोसा, प्रशासन अलर्ट

रायपुर, 29 अक्टूबर 2026। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव को देखते हुए केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से फोन पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में मौसम की स्थिति और चक्रवात के संभावित प्रभावों को लेकर जानकारी ली।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय गृह मंत्री को बताया कि चक्रवात के प्रभाव से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश हो रही है। हालांकि, अभी तक राज्य में कहीं से भी बाढ़ की स्थिति या जनहानि की सूचना नहीं मिली है। राज्य सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और किसी भी आपात परिस्थिति से निपटने के लिए सतर्क है।

प्रदेशवासियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेशवासियों की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। संबंधित विभागों और जिला प्रशासन के बीच समन्वय बनाकर आवश्यक सतर्कता बरती जा रही है। जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के लिए प्रशासन को तैयार रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने चक्रवात से प्रभावित राज्यों को केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के आश्वासन के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार भी व्यक्त किया।

चार राज्यों के मुख्यमंत्रियों से की चर्चा

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ के अलावा आंध्र प्रदेश, ओडिशा और पुडुचेरी के मुख्यमंत्रियों से भी चर्चा कर चक्रवात की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने प्रभावित राज्यों को केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहायता देने का भरोसा दिलाया।

चक्रवात के प्रभाव को देखते हुए छत्तीसगढ़ में राज्य सरकार और जिला प्रशासन मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि किसी भी संभावित आपात स्थिति में समय पर आवश्यक कदम उठाए जा सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button