
रायपुर, 13 अगस्त 2026। शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय, रायपुर में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ एवं ‘मिशन स्पंदन’ के संयुक्त तत्वावधान में विशेष जागरूकता एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन ‘10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान’ के अंतर्गत किया गया।
यह अभियान प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय (मेडिकल विंग) द्वारा संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए लोगों को प्रेरित करना रहा।
छात्र-छात्राओं, चिकित्सकों और कर्मचारियों ने ली शपथ
कार्यक्रम में मौजूद छात्र-छात्राओं, चिकित्सकों एवं कर्मचारियों ने हाथ आगे बढ़ाकर जीवनभर नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में योगदान देने की शपथ ली। इस दौरान नशे से होने वाले सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी नुकसान को लेकर जागरूकता का संदेश भी दिया गया।
ब्रह्माकुमारी संस्था के प्रतिनिधियों ने अभियान में सक्रिय सहभागिता और सहयोग के लिए महाविद्यालय प्रशासन को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया।
पोस्टर और पंपलेट के जरिए दिया नशामुक्ति का संदेश
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों और विद्यार्थियों ने ‘10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा’ से संबंधित पोस्टर एवं पंपलेट प्रदर्शित किए। इसके माध्यम से ‘विकसित भारत’ के निर्माण में नशामुक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया गया।
संस्था के प्रतिनिधियों ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ, जागरूक और सशक्त समाज के निर्माण के लिए युवाओं का नशामुक्त रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने आसपास के लोगों को भी नशे के खिलाफ जागरूक करने का आह्वान किया।