
रायपुर। छत्तीसगढ़ की महतारी वंदन योजना को लेकर बिलासपुर जिले में पात्रता जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। जिले में योजना का लाभ ले रहीं 4 लाख 17 हजार 902 महिलाओं के सत्यापन के दौरान 542 हितग्राही अपात्र पाए गए हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग ने अपात्र हितग्राहियों से अब तक करीब 30 लाख रुपए की वसूली की है। अधिकारियों के मुताबिक पात्रता सत्यापन और वसूली की कार्रवाई लगातार जारी है।
महतारी वंदन योजना के तहत पात्र विवाहित, विधवा और तलाकशुदा महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपए की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि सीधे हितग्राहियों के आधार लिंक बैंक खातों में जमा की जाती है। बिलासपुर जिले में भी बड़ी संख्या में महिलाएं इस योजना का लाभ ले रही हैं। शिकायतों के बाद विभाग ने हितग्राहियों की पात्रता की जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान 542 महिलाएं योजना के निर्धारित पात्रता मापदंडों के अनुरूप नहीं पाई गईं। इसके बाद विभाग ने अपात्र हितग्राहियों से योजना के तहत प्राप्त राशि की वसूली शुरू की।
महतारी वंदन योजना की 31 किश्त जारी
बिलासपुर जिले में महतारी वंदन योजना के तहत अब तक 31 किश्तें जारी की जा चुकी हैं। विभाग के अनुसार इन किश्तों के माध्यम से करीब 12.16 अरब रुपए हितग्राहियों के बैंक खातों में जमा किए गए हैं।
पात्रता सत्यापन के दौरान ऐसे मामले भी सामने आए, जहां योजना का लाभ लेने वाली कुछ हितग्राहियों की मृत्यु हो चुकी थी। इसके बावजूद उनके खातों में योजना की राशि जमा हुई और बाद में राशि आहरित किए जाने के मामले सामने आए। ऐसे मामलों में विभाग ने संबंधित उत्तराधिकारियों से राशि की वसूली की है। अब तक इस तरह के मामलों में करीब 7 लाख 60 हजार रुपए की वसूली की जा चुकी है।
98.58 प्रतिशत हितग्राहियों की KYC पूरी
महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों के सत्यापन में KYC को भी महत्वपूर्ण आधार बनाया गया है। बिलासपुर जिले में योजना से जुड़ी कुल 4,17,902 महिलाओं में से 4,11,989 हितग्राहियों की KYC पूरी हो चुकी है।
इस तरह जिले में अब तक 98.58 प्रतिशत हितग्राहियों का सत्यापन पूरा किया जा चुका है। शेष हितग्राहियों की KYC और पात्रता जांच की प्रक्रिया जारी है।
विभाग के अधिकारियों का कहना है कि शेष हितग्राहियों का सत्यापन पूरा होने के बाद अपात्रता के कुछ और मामले सामने आ सकते हैं। ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई और योजना की राशि की वसूली की जाएगी।
महतारी वंदन योजना में पात्रता जांच जारी
विभाग की ओर से योजना के तहत लाभ प्राप्त कर रही महिलाओं के दस्तावेज और पात्रता की जांच लगातार की जा रही है। इसका उद्देश्य योजना का लाभ केवल पात्र महिलाओं तक पहुंचाना और अपात्र हितग्राहियों को मिलने वाली राशि को रोकना है।

