छत्तीसगढ़

PM मोदी के 76वें जन्मदिन पर रायपुर में दीपोत्सव, CM विष्णुदेव साय ने की महाआरती

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर का महादेव घाट गुरुवार को सवा लाख दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। खारुन नदी के पावन तट पर विराट दीपोत्सव एवं महाआरती ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम में शामिल होकर प्रदेशवासियों के साथ प्रधानमंत्री मोदी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की।

सवा लाख दीपों के एक साथ प्रज्वलित होने से महादेव घाट का पूरा परिसर रोशनी से नहा उठा। इस दौरान साध्वी प्रज्ञा भारती और आचार्यों ने विधि-विधान से खारुन मैया की महाआरती की। मुख्यमंत्री साय ने भी महाआरती में सहभागिता की।

मुख्यमंत्री साय ने PM मोदी को दी जन्मदिन की शुभकामनाएं

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना जीवन राष्ट्र और जनसेवा के लिए समर्पित किया है। उनके नेतृत्व में देश ने विकास, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण बदलाव देखे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खारुन मैया के तट पर प्रज्वलित किए गए सवा लाख दीप छत्तीसगढ़वासियों के प्रधानमंत्री मोदी के प्रति स्नेह, आत्मीयता और शुभकामनाओं का प्रतीक हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके स्वस्थ, सुदीर्घ और यशस्वी जीवन की कामना की।

PM मोदी के नेतृत्व में हुए ऐतिहासिक बदलाव: CM साय

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने ऐसे कई बड़े निर्णय और परिवर्तन देखे हैं, जिनकी लंबे समय से प्रतीक्षा थी। उन्होंने अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को हटाने और अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर में रामलला के विराजमान होने जैसे विषयों का उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रहित में बड़े और दूरगामी निर्णय लिए गए हैं। उनके अनुसार, प्रधानमंत्री की कार्यशैली और राष्ट्रसेवा की भावना से विकास और जनकल्याण की गति तेज हुई है तथा भारत वैश्विक मंच पर अधिक आत्मविश्वास के साथ अपनी भूमिका निभा रहा है।

गरीब कल्याण को शासन की प्राथमिकता बताया

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के लिए शासन के केंद्र में गरीब और समाज के अंतिम पायदान पर खड़ा व्यक्ति रहा है। गरीब परिवारों को पक्का आवास, शौचालय, जन-धन खाते, रसोई गैस कनेक्शन, खाद्यान्न सुरक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जोड़ने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ‘सबका साथ, सबका विकास’ के ध्येय के साथ लगातार काम कर रहे हैं और गरीबों के जीवन को बेहतर बनाने वाली सुविधाओं को शासन की प्राथमिकता बनाया गया है।

PM मोदी के साथ काम करने का अनुभव साझा किया

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ अपने कार्य अनुभव को भी साझा किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद उन्हें केंद्र सरकार में केंद्रीय राज्यमंत्री के रूप में काम करने का अवसर मिला था।

उन्होंने कहा कि इस दौरान उन्हें प्रधानमंत्री मोदी की कार्यशैली, अनुशासन, परिश्रम और जनसेवा के प्रति समर्पण को करीब से देखने का अवसर मिला। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक उनका सार्वजनिक जीवन सेवा और सुशासन को समर्पित रहा है।

छत्तीसगढ़ से PM मोदी के जुड़ाव का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का छत्तीसगढ़ के लोगों के साथ आत्मीय जुड़ाव रहा है और राज्य को केंद्र सरकार से लगातार सहयोग एवं मार्गदर्शन मिलता रहा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के साथ-साथ जनजातीय और दूरस्थ क्षेत्रों के विकास को भी केंद्र की विकास दृष्टि में महत्व मिला है।

मुख्यमंत्री ने माओवादी हिंसा के खिलाफ राज्य में हुई प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की इच्छाशक्ति और सुरक्षा बलों के प्रयासों से बस्तर में शांति और विकास के नए अवसर बने हैं। उन्होंने सड़क, बिजली, मोबाइल कनेक्टिविटी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी सुविधाओं के दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचने की बात कही।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में इस अभियान के तहत स्वच्छता, स्वास्थ्य, पोषण, पर्यावरण संरक्षण, जरूरतमंदों की सहायता और जनकल्याण से जुड़े कार्य जनभागीदारी के साथ किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की।

रायपुर में करीब 32 लाख दीप जलाने का दावा

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि महादेव घाट पर सवा लाख दीप प्रधानमंत्री मोदी के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की मंगलकामना के लिए प्रज्वलित किए गए। उन्होंने बताया कि राजधानी रायपुर के विभिन्न स्थानों पर लगभग 32 लाख दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री के प्रति शुभकामनाएं व्यक्त की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में दीप आशा, विश्वास और प्रकाश का प्रतीक है। ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में जलाया गया प्रत्येक दीप सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का प्रतीक भी है।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद एवं आयोजन की संयोजक लक्ष्मी वर्मा, विधायक राजेश मूणत और मोतीलाल साहू, रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे सहित जनप्रतिनिधि, विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी, स्वयंसेवक और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button