छत्तीसगढ़ में गूंजा सेवा और संकल्प का संदेश, 1.50 करोड़ से ज्यादा ‘आशीर्वाद के दीये’ प्रज्ज्वलित

रायपुर, 17 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक सेवा जीवन के प्रति आभार व्यक्त करने के उद्देश्य से गुरुवार को छत्तीसगढ़ में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘आशीर्वाद के दीये’ कार्यक्रम का व्यापक आयोजन किया गया। प्रदेशभर में लोगों ने उत्साह के साथ हिस्सा लेते हुए 1.50 करोड़ से अधिक दीये प्रज्वलित किए।
गांवों से लेकर शहरों तक मंदिरों, चौक-चौराहों, सार्वजनिक स्थलों और प्रमुख मैदानों में दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान लोगों ने दीप जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन, सेवा भावना और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।

महिलाओं, युवाओं और किसानों ने लिया हिस्सा
‘आशीर्वाद के दीये’ कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी देखने को मिली। महिलाओं, युवाओं, किसानों, श्रमिकों, विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित किए। कई स्थानों पर दीपों से आकर्षक आकृतियां और विभिन्न संदेश भी बनाए गए।
प्रदेशभर में दिखा उत्साह
छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान बड़ी संख्या में नागरिक एकत्रित हुए। मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों पर दीप प्रज्वलन के साथ सेवा, सहयोग और सकारात्मक बदलाव का संदेश दिया गया। हजारों स्थानों पर एक साथ प्रज्वलित हुए दीपों ने पूरे प्रदेश में सामूहिक सहभागिता का वातावरण बनाया।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान
छत्तीसगढ़ में ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। अभियान के तहत विभिन्न जनसेवा और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य सेवा और सुशासन की भावना को जन-जन तक पहुंचाना तथा समाज के विभिन्न वर्गों को रचनात्मक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों से जोड़ना है।
‘आशीर्वाद के दीये’ कार्यक्रम इसी अभियान का हिस्सा रहा। प्रदेशभर में बड़ी संख्या में प्रज्वलित किए गए दीपों के माध्यम से सेवा, जनभागीदारी और संकल्प का संदेश दिया गया।



