छत्तीसगढ़

11 लाख दीपों से रोशन हुआ बलौदाबाजार, ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में उमड़ा जनसैलाब

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा और समर्पण के अवसर पर छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में गुरुवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ का भव्य शुभारंभ किया गया। इस दौरान आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में जिलेभर में करीब 11 लाख दीपक एक साथ प्रज्वलित किए गए। जिला मुख्यालय स्थित चौपाटी में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान की शुरुआत की।

कार्यक्रम की शुरुआत से पहले राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा और जनप्रतिनिधियों ने शहीद वीर नारायण सिंह चौक पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद चौक से चौपाटी तक ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य रैली निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।

सवा लाख दीपों से रोशन हुआ विवेकानंद सरोवर

‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विवेकानंद सरोवर रहा। यहां करीब सवा लाख दीपक जलाए गए। दीपों की रोशनी और पेड़ों पर की गई रंग-बिरंगी सजावट से पूरा सरोवर परिसर आकर्षक नजर आया। सरोवर के पानी में दीपों की झिलमिलाती परछाई ने लोगों का ध्यान खींचा। इस मनमोहक नजारे को देखने के लिए बड़ी संख्या में शहरवासी मौके पर पहुंचे।

मंत्री टंक राम वर्मा ने गीत गाकर बढ़ाया उत्साह

कार्यक्रम के दौरान आर्केस्ट्रा टीम की ओर से देशभक्ति गीत और भजनों की प्रस्तुति दी गई। इसी दौरान राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने भी गीत प्रस्तुत किया, जिसे सुनकर मौजूद लोगों में उत्साह देखने को मिला।

सभा को संबोधित करते हुए मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ सिर्फ प्रकाश का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह सेवा भावना, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का संदेश देता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के विकास और विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन, कलेक्टर, एसपी, पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा, जिला पंचायत सीईओ सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और नगरवासी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button