छत्तीसगढ़टॉप न्यूज़बस्तरसरकारी योजना

बस्तर बनेगा राष्ट्रीय सहकारिता संवाद का केंद्र, जगदलपुर में दो दिवसीय सम्मेलन का आयोजन

रायपुर। बस्तर में पहली बार राष्ट्रीय स्तर का सहकारिता सम्मेलन आयोजित होने जा रहा है। 8 और 9 अक्टूबर को जगदलपुर में होने वाले इस दो दिवसीय सम्मेलन में देशभर के सहकारिता क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। सम्मेलन की अध्यक्षता भारत सरकार के सहकारिता सचिव करेंगे।

सम्मेलन में 15 राज्यों के सहकारिता सचिव और 14 राज्यों के पंजीयक भाग लेंगे। इस दौरान सहकारिता क्षेत्र को मजबूत बनाने, किसानों को सहकारी संस्थाओं से जोड़ने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से मंथन किया जाएगा।

‘सहकार से समृद्धि’ की कार्ययोजना पर चर्चा

राष्ट्रीय सम्मेलन का प्रमुख विषय ‘सहकार से समृद्धि’ की कार्ययोजना होगी। सहकारिता के माध्यम से कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की संभावनाओं पर चर्चा के साथ एम-पैक्स, डिजिटल सहकारिता, सहकारी बैंकिंग और भंडारण व्यवस्था जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

सम्मेलन में विभिन्न राज्यों द्वारा सहकारिता क्षेत्र में किए गए नवाचारों और उपलब्धियों को साझा किया जाएगा। छत्तीसगढ़ की ओर से भी प्रदेश में सहकारिता के क्षेत्र में किए गए कार्यों और उपलब्धियों का प्रस्तुतीकरण किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ में 515 नए एम-पैक्स का गठन

छत्तीसगढ़ में सहकारिता क्षेत्र के विस्तार के तहत 515 नए एम-पैक्स (बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख समितियां) गठित किए गए हैं। इसके अलावा 3.18 लाख नए किसानों के सहकारी बैंकों में खाते खोले गए हैं, जिससे अधिक कृषकों को सहकारी बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ने में मदद मिली है।

प्रदेश के 2,058 एम-पैक्स में माइक्रो एटीएम की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इन माइक्रो एटीएम के माध्यम से अब तक 324 करोड़ रुपये से अधिक का लेनदेन किया जा चुका है। इससे ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में लोगों को बैंकिंग सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने में मदद मिली है।

राष्ट्रीय सहकारिता सम्मेलन के जरिए राज्यों के बीच अनुभव और नवाचार साझा करने के साथ सहकारिता को किसानों और ग्रामीण समुदायों के लिए अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में आगे की कार्ययोजना पर भी चर्चा होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button