अम्बिकापुर से दिल्ली जाने वालों के लिए खुशखबरी, अब हफ्ते में दो दिन दौड़ेगी एक्सप्रेस

रायपुर। सरगुजा संभाग के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। अम्बिकापुर से हजरत निजामुद्दीन के बीच चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेन की सेवा अब सप्ताह में एक दिन के बजाय दो दिन उपलब्ध होगी। मंगलवार को अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन से द्विसाप्ताहिक ट्रेन सेवा की शुरुआत की गई। सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल के अनुसार, ट्रेन संख्या 22407 अम्बिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस अब प्रत्येक मंगलवार और गुरुवार को अम्बिकापुर से सुबह 7:30 बजे रवाना होगी। वहीं ट्रेन संख्या 22408 हजरत निजामुद्दीन-अम्बिकापुर एक्सप्रेस प्रत्येक रविवार और मंगलवार को रात 11 बजे हजरत निजामुद्दीन से रवाना होगी।
लंबे समय से थी अतिरिक्त ट्रेन की मांग
सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि अम्बिकापुर से दिल्ली के लिए सप्ताह में दो दिन ट्रेन चलाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। अतिरिक्त फेरे की शुरुआत से सरगुजा संभाग के यात्रियों को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के लिए बेहतर और सुविधाजनक सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी।
उन्होंने बताया कि पहले सप्ताह में केवल एक दिन ट्रेन संचालित होने के कारण यात्रियों को काफी परेशानी होती थी। अब एक अतिरिक्त फेरा शुरू होने से यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बनाने में अधिक सुविधा मिलेगी। पहले दिन ट्रेन सेवा को लेकर यात्रियों में खासा उत्साह भी देखने को मिला।
दिल्ली जाने वाले विद्यार्थियों और मरीजों को भी लाभ
नई रेल सेवा से सरगुजा के साथ-साथ रायगढ़, जशपुर और मार्ग में आने वाले अन्य क्षेत्रों के यात्रियों को भी लाभ मिलेगा। दिल्ली जाने वाले विद्यार्थी, मरीज, व्यापारी और अन्य यात्रियों के लिए सीधी रेल सुविधा अधिक उपयोगी साबित होगी।
अम्बिकापुर स्टेशन का भी होगा विस्तार
डीआरएम राकेश रंजन ने बताया कि यात्रियों की मांग को देखते हुए रेल सेवा की आवृत्ति बढ़ाई गई है। इसके साथ ही अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन में यात्री सुविधाओं और अधोसंरचना के विस्तार का काम भी जारी है।
स्टेशन पर नया प्लेटफॉर्म, रेलवे लाइनों का विस्तार और बड़े फुट ओवरब्रिज (FOB) का निर्माण कराया जा रहा है। इसके अलावा कोचिंग सुविधाओं में भी सुधार किया जा रहा है। भविष्य में अम्बिकापुर से और ट्रेनों के संचालन को ध्यान में रखते हुए स्टेशन की क्षमता बढ़ाने पर काम किया जा रहा है।
नगर निगम महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि अम्बिकापुर से दिल्ली के लिए सप्ताह में दो दिन सीधी ट्रेन मिलने से क्षेत्र के लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और अन्य जरूरी कार्यों के लिए दिल्ली आने-जाने में बड़ी सुविधा मिलेगी।

