
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 31 अक्टूबर को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। मुख्यमंत्री निवास, सिविल लाइन रायपुर में उन्होंने सरदार पटेल के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय एकीकरण के महान शिल्पकार थे। उन्होंने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, अदम्य साहस और कुशल नेतृत्व के बल पर स्वतंत्रता के बाद देश की सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर मजबूत और अखंड भारत की नींव रखी। उनका यह ऐतिहासिक योगदान हमेशा याद किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल का पूरा जीवन राष्ट्रसेवा, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जनहित के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण है। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया और हमेशा राष्ट्रीय एकता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरदार पटेल के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को आगे बढ़ाया जा रहा है। देश विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता के नए आयाम स्थापित करते हुए विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस केवल सरदार पटेल के योगदान को याद करने का दिन नहीं है, बल्कि देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता बनाए रखने के संकल्प को दोहराने का अवसर भी है। भारत की विविध भाषाएं, संस्कृतियां, परंपराएं और समुदाय ही उसकी सबसे बड़ी ताकत हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से सरदार पटेल के आदर्शों को अपनाने और राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं समृद्धि में योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी को मिलकर सशक्त, समरस और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प लेना चाहिए, ताकि विकसित भारत के लक्ष्य में प्रदेश भी अग्रणी भूमिका निभा सके।
