CG Police Vacancy 2026: बस्तर फाइटर्स भर्ती के लिए आवेदन 2 नवंबर से

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले में बस्तर फाइटर्स (विशेष कार्यपालिक बल) के अंतर्गत फाइटर आरक्षक के 128 रिक्त पदों पर भर्ती निकाली गई है। जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी विज्ञापन के अनुसार, जिले के स्थानीय निवासी पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित प्रारूप में आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 2 नवंबर 2026 से शुरू होगी। इच्छुक उम्मीदवार 12 दिसंबर 2026 को शाम 5 बजे तक अपना आवेदन जमा कर सकेंगे। निर्धारित समय सीमा के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
वर्गवार 128 पदों का विवरण
दंतेवाड़ा जिले में फाइटर आरक्षक के कुल 128 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें वर्गवार पदों का विवरण इस प्रकार है।
- अनारक्षित वर्ग – 07 पद
- अन्य पिछड़ा वर्ग – 17 पद
- अनुसूचित जाति – 11 पद
- अनुसूचित जनजाति – 93 पद
कहां जमा करना होगा आवेदन?
इच्छुक अभ्यर्थी अपना आवेदन निम्नलिखित स्थानों पर जमा कर सकते हैं।
- कार्यालय पुलिस अधीक्षक, जिला दंतेवाड़ा।
- कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस), किरंदुल।
- थाना गीदम।
इसके अलावा अभ्यर्थी अपना आवेदन पंजीकृत भारतीय डाक के माध्यम से पुलिस अधीक्षक, जिला दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, पिन कोड 494449 के पते पर भी भेज सकते हैं।
शारीरिक मापदंड और परीक्षा की जानकारी कहां मिलेगी?
भर्ती से संबंधित आवेदन पत्र का प्रारूप, शारीरिक मापदंड, शारीरिक योग्यता परीक्षा, लिखित परीक्षा और अन्य आवश्यक दिशा-निर्देश जिले के सभी थाना, चौकी, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय और पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सूचना पटल पर उपलब्ध कराए जाएंगे।
भर्ती प्रक्रिया में छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षण) अधिनियम, 1994 के प्रावधानों तथा सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से समय-समय पर जारी निर्देशों का पालन किया जाएगा।
आधिकारिक वेबसाइट पर देखें पूरी जानकारी
भर्ती के नियम, आवेदन प्रारूप और अन्य विस्तृत जानकारी छत्तीसगढ़ पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट और दंतेवाड़ा पुलिस की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
- छत्तीसगढ़ पुलिस: https://cgpolice.gov.in
- दंतेवाड़ा पुलिस: https://dantewada.cgpolice.gov.in
बस्तर क्षेत्र के स्थानीय युवाओं के लिए पुलिस विभाग में नौकरी पाने का यह एक महत्वपूर्ण अवसर है। इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन करने से पहले आधिकारिक विज्ञापन में दिए गए सभी नियमों और पात्रता संबंधी शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें।

