
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को बालोद जिले के ग्राम भेंडरा पहुंचकर अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के दिवंगत विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और अंतिम यात्रा में शामिल होकर नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
मुख्यमंत्री साय ने विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि उनका जाना पूरे क्षेत्र की जनता के लिए अपूरणीय क्षति है। उनका निधन व्यक्तिगत रूप से भी उनके लिए अत्यंत पीड़ादायक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का सरल व्यक्तित्व, आत्मीय व्यवहार और जनसेवा के प्रति समर्पण हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने अपने कार्यों और व्यवहार से लोगों के बीच विशेष स्थान बनाया था।
इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान देने और परिजनों को इस कठिन समय में दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

