छत्तीसगढ़ राज्योत्सव को लेकर तैयारियां पूरी, एयरफोर्स का एयर शो होगा खास आकर्षण

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर में राज्योत्सव 2026 का भव्य आयोजन होने जा रहा है। 1 से 3 नवंबर तक तीन दिवसीय राज्योत्सव नया रायपुर के अटल नगर स्थित राज्योत्सव मैदान में आयोजित किया जाएगा। इस दौरान प्रदेश की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और विकास की झलक देखने को मिलेगी। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री, राज्यपाल, मुख्यमंत्री सहित कई विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे। वहीं, स्थानीय और राष्ट्रीय स्तर के कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से समारोह में रंग जमाएंगे।
राज्योत्सव में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। वीआईपी मूवमेंट और आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा अर्धसैनिक बलों के जवान भी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे।

1 नवंबर: मनसुख मांडविया करेंगे राज्योत्सव का शुभारंभ
राज्योत्सव 2026 का शुभारंभ 1 नवंबर को शाम 6 बजे होगा। उद्घाटन समारोह में केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
पहले दिन शाम 4 बजे से स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां शुरू होंगी। शाम 7 बजे राज्य स्तरीय एससीजेडसीसी (SCZCC) का सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके बाद रात 8 बजे मुंबई की प्रसिद्ध गायिका पलक मुच्छल अपनी सुरीली आवाज से दर्शकों का मनोरंजन करेंगी।
2 नवंबर: राज्यपाल रमेन डेका होंगे मुख्य अतिथि, एयरफोर्स का दिखेगा रोमांच
राज्योत्सव के दूसरे दिन 2 नवंबर को राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल करेंगे। इस दिन मुंबई की गायिका स्वस्ति मेहुल अपनी प्रस्तुति देंगी।
दूसरे दिन का खास आकर्षण भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम के हेलिकॉप्टरों का हवाई प्रदर्शन होगा। सुबह 11 बजे से सेंध लेक के आसमान में भारतीय वायुसेना के सारंग हेलिकॉप्टर अपनी शानदार कलाबाजियों का प्रदर्शन करेंगे। इस रोमांचक एयर शो को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।

3 नवंबर: अमित शाह होंगे समापन समारोह के मुख्य अतिथि
राज्योत्सव के अंतिम दिन 3 नवंबर को समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
समापन समारोह में मुंबई के मशहूर गायक अभिजीत भट्टाचार्य अपनी गायकी से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। तीनों दिन शाम 4 बजे से स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। इसके बाद शाम 7 बजे राज्य स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम और रात 8 बजे राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों की प्रस्तुति आयोजित की जाएगी।

राज्योत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में
छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 को लेकर तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में प्रदेश की कला, संस्कृति, लोक परंपराओं और विकास की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा। राज्योत्सव में शामिल होने के लिए रायपुर के अलावा प्रदेश के अलग-अलग जिलों से भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है।

