छत्तीसगढ़धर्म एवं संस्कृतिरायपुरसरकारी योजना

छत्तीसगढ़ राज्य अलंकरण 2026: पत्रकार, साहित्यकार, कलाकार और खिलाड़ियों को मिलेगा सम्मान

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव 2026 में प्रदेश की 36 विभूतियों और संस्थाओं को प्रतिष्ठित राज्य अलंकरण सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने रविवार को रायपुर के महंत घासीदास स्मारक संग्रहालय परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता में विभिन्न श्रेणियों के पुरस्कारों की घोषणा की।

इन सम्मानों के लिए कला, संस्कृति, साहित्य, पत्रकारिता, खेल, समाजसेवा, शिक्षा, कृषि, चिकित्सा, लोककला और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं का चयन किया गया है।

मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि राज्य अलंकरण सम्मान प्रदेश की प्रतिभाओं, उनकी विशिष्ट उपलब्धियों और समाज के विकास में उनके अमूल्य योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर है। ऐसे सम्मान नई पीढ़ी को बेहतर कार्य करने और अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़े रहने की प्रेरणा देते हैं।

समाजसेवा और सामाजिक उत्थान के लिए इनका चयन

आदिवासी सामाजिक चेतना एवं उत्थान के क्षेत्र में शहीद वीरनारायण सिंह स्मृति सम्मान धमतरी के डुमन लाल ध्रुव को दिया जाएगा। अहिंसा एवं गौरक्षा के लिए यति यतनलाल सम्मान विश्व गीता धेनू गोविन्द पक्षी सेवा धाम, कुम्हारी (दुर्ग) को मिलेगा।

महिला उत्थान के लिए मिनीमाता सम्मान गरियाबंद की लोक आस्था सेवा संस्थान (लता नेताम) को तथा सामाजिक चेतना एवं अनुसूचित जाति उत्थान के लिए गुरु घासीदास सम्मान कबीरधाम के सुखचंद भास्कर को प्रदान किया जाएगा।

सहकारिता के क्षेत्र में ठाकुर प्यारेलाल सिंह पुरस्कार धनसिंह बघेल, प्राथमिक कुडुक मछुआ सहकारी समिति मर्यादित, चित्रकोट (बस्तर) को दिया जाएगा। सामाजिक समरसता के लिए महाराजा अग्रसेन सम्मान रायगढ़ के बाबूलाल अग्रवाल और सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक उपलब्धियों के लिए पंडित रविशंकर शुक्ल सम्मान तेजस्विनी सेवा प्रतिष्ठान, बिलासपुर को मिलेगा।

साहित्य, संगीत और लोककला की प्रतिभाओं का सम्मान

साहित्य और संस्कृति के क्षेत्र में भी कई प्रतिष्ठित नामों को राज्य अलंकरण के लिए चुना गया है। समकालीन रंगकर्म के लिए हबीब तनवीर सम्मान रायपुर के डॉ. पुरुषोत्तम चन्द्राकर को दिया जाएगा। हिन्दी साहित्य के लिए पंडित सुन्दरलाल शर्मा सम्मान रायगढ़ के डॉ. बिहारीलाल साहू को मिलेगा।

शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य के लिए चक्रधर सम्मान डॉ. एम. श्रीराम मूर्ति को, लोक नाट्य एवं लोक शिल्प के लिए दाऊ मंदराजी सम्मान रेखा जलक्षत्री को और छत्तीसगढ़ी लोकगीत के लिए लक्ष्मण मस्तुरिया सम्मान साधना यादव को प्रदान किया जाएगा।

पंथी नृत्य के लिए देवदास बंजारे स्मृति पुरस्कार सी.एल. रात्रे, छत्तीसगढ़ी लोक संगीत के लिए खुमान साव सम्मान चंद्रभूषण वर्मा और आंचलिक साहित्य एवं लोक कविता के लिए लाला जगदलपुरी साहित्य पुरस्कार दुर्गा प्रसाद पारकर को दिया जाएगा। वहीं संत रविदास सम्मान बालोद के जगदीश प्रसाद देशमुख को मिलेगा।

पत्रकारिता के क्षेत्र में चार पत्रकारों को सम्मान

पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दी प्रिंट मीडिया के लिए चन्दूलाल चन्द्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार प्रमोद कुमार साहू को प्रदान किया जाएगा।

इलेक्ट्रॉनिक मीडिया (हिन्दी) के लिए यही पुरस्कार वरुण सखाजी और रसिका पाण्डेय को संयुक्त रूप से मिलेगा। अंग्रेजी प्रिंट मीडिया के लिए मधुकर खेर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार शिशिर राय चौधरी को दिया जाएगा।

वहीं रचनात्मक लेखन और हिन्दी भाषा के क्षेत्र में पंडित माधवराव सप्रे राष्ट्रीय रचनात्मकता सम्मान वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक अनंत विजय (गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश) को प्रदान किया जाएगा।

खेल, कृषि और चिकित्सा के क्षेत्र में भी सम्मान

खेल के क्षेत्र में गुण्डाधूर सम्मान कोरबा की संजू देवी और महाराजा प्रवीरचंद्र भंजदेव सम्मान बालोद के टोमन कुमार को दिया जाएगा।

कृषि के क्षेत्र में डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार कबीरधाम के पुन्नी दास भट्ट को मिलेगा। आयुर्वेद चिकित्सा शिक्षा, शोध एवं अनुसंधान के लिए धन्वन्तरि सम्मान धमतरी के डॉ. दिनेश कुमार नाग को तथा मत्स्य पालन के क्षेत्र में श्रीमती बिलासाबाई केंवट मत्स्य विकास पुरस्कार बालोद के प्रदीप कुमार सोनी को प्रदान किया जाएगा।

संस्कृत, आदिवासी सेवा और श्रम क्षेत्र के सम्मान

संस्कृत भाषा के लिए राजेश्री महंत वैष्णवदास जी महाराज संस्कृत भाषा सम्मान रायपुर के डॉ. बहुरन सिंह पटेल को मिलेगा।

आदिवासी सेवा एवं आर्थिक उत्थान के लिए डॉ. भंवरसिंह पोर्ते आदिवासी सेवा सम्मान सत्य साई संजीवनी अस्पताल, नवा रायपुर के सी. श्रीनिवास को प्रदान किया जाएगा।

श्रम के क्षेत्र में स्व. रामानुज प्रताप सिंहदेव स्मृति श्रम यशस्वी पुरस्कार अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड, यूनिट कुकुरडीह (बलौदाबाजार) के अंतरयामी सामल को दिया जाएगा। अपराध अनुसंधान के क्षेत्र में पंडित लखनलाल मिश्र सम्मान उप पुलिस अधीक्षक सुरेश कुमार ध्रुव को मिलेगा।

सिनेमा, पंडवानी और ग्रामीण पर्यटन के क्षेत्र में भी चयन

छत्तीसगढ़ अप्रवासी भारतीय सम्मान दंतेवाड़ा की दीपाली सरावगी को प्रदान किया जाएगा। हिन्दी एवं छत्तीसगढ़ी सिनेमा में रचनात्मक लेखन, निर्देशन, अभिनय और निर्माण के लिए किशोर साहू सम्मान करन खान (सैयद ताहिर अली) को दिया जाएगा।

सिनेमा निर्देशन के क्षेत्र में किशोर साहू राष्ट्रीय अलंकरण मोहन सुंदरानी को मिलेगा। पंडवानी कला के लिए डॉ. तीजन बाई सम्मान दुर्ग के चेतन लाल देवांगन को प्रदान किया जाएगा।

महिला उत्पीड़न के खिलाफ संघर्ष एवं नारी उत्थान के लिए माता बहादुर कलारिन सम्मान कांकेर की बुलबुल बैद्या को मिलेगा। विधि के क्षेत्र में बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल सम्मान दिल्ली के कौस्तुभ शुक्ला और रायपुर के हेमन्त कुमार मिश्र को संयुक्त रूप से प्रदान किया जाएगा। ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए चेंदरू राज्य ग्रामीण पर्यटन पुरस्कार कबीरधाम के सत्येन्द्र कुमार उपाध्याय को दिया जाएगा।

नई पीढ़ी को प्रेरित करेंगे राज्य अलंकरण: राजेश अग्रवाल

मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि राज्य अलंकरण केवल व्यक्तियों और संस्थाओं का सम्मान नहीं, बल्कि उनके समर्पण, परिश्रम और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना का अभिनंदन है। छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, परंपराओं और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं का योगदान प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।

उन्होंने चयनित सभी विभूतियों और संस्थाओं को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां आने वाली पीढ़ियों को उत्कृष्ट कार्य करने और प्रदेश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित करेंगी।

पत्रकार वार्ता में संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, संचालक संस्कृति विभाग डॉ. संजय कन्नौजे सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button