राज्योत्सव में आकर्षण बनेगी शिक्षा विभाग की स्टॉल, STEM और ATL लैब का होगा प्रदर्शन

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 में स्कूल शिक्षा विभाग की स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहेगी। यहां प्रदेश की बदलती शिक्षा व्यवस्था, आधुनिक शिक्षण तकनीकों और शैक्षणिक नवाचारों की झलक देखने को मिलेगी। विभाग की ओर से स्टॉल में समावेशी शिक्षा, डिजिटल लर्निंग, स्मार्ट क्लास और कौशल विकास सहित शिक्षा के विभिन्न आयामों को प्रदर्शित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव के मार्गदर्शन में प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक और रोजगारोन्मुखी बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाएगा।
STEM, ATL और कंपोजिट लैब पर रहेगा विशेष फोकस
विभागीय स्टॉल में STEM शिक्षा, अटल टिंकरिंग लैब (ATL) और कंपोजिट लैब के माध्यम से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और नवाचार को बढ़ावा देने की पहल दिखाई जाएगी। इसके साथ ही डिजिटल लाइब्रेरी, मुस्कान पुस्तकालय और स्मार्ट क्लास के जरिए शिक्षा को अधिक रोचक एवं तकनीक आधारित बनाने के प्रयासों की जानकारी भी दी जाएगी।
SCERT की उपलब्धियां भी होंगी प्रदर्शित
राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT) की उपलब्धियों, शिक्षक प्रशिक्षण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों को भी स्टॉल में स्थान मिलेगा। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, व्यावहारिक ज्ञान और कौशल आधारित शिक्षा की अवधारणा को प्रदर्शित किया जाएगा।
NCC, स्काउट गाइड और रेड क्रॉस की गतिविधियां
स्टॉल में NCC, स्काउट गाइड और रेड क्रॉस जैसी गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करने के प्रयासों को भी दर्शाया जाएगा। वहीं समावेशी शिक्षा के माध्यम से प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने के उद्देश्य को रेखांकित किया जाएगा।
राज्योत्सव में स्कूल शिक्षा विभाग की यह प्रदर्शनी आम नागरिकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों को प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में संचालित योजनाओं, नवाचारों और उपलब्धियों से रूबरू कराएगी। साथ ही आधुनिक तकनीक के उपयोग से शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी मिलेगी।

