पर्यटनबस्तर

International Tiger Day 2026: इंद्रावती टाइगर रिजर्व में बारिश भी नहीं रोक सकी बाघ संरक्षण की अभियान

रायपुर। अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस (International Tiger Day 2026) के अवसर पर बीजापुर स्थित इंद्रावती टाइगर रिजर्व में बाघ एवं वन्यजीव संरक्षण को लेकर जनजागरूकता अभियान का भव्य आयोजन किया गया। मूसलाधार बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस अधिकारी, विद्यार्थी, युवा और आम नागरिक कार्यक्रम में शामिल हुए। पूरे दिन टाइगर रिजर्व बाघ संरक्षण के संदेश से गूंजता रहा।

यह आयोजन इंद्रावती टाइगर रिजर्व और नोवा नेचर वेलफेयर सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।

‘रन फॉर इंद्रावती’ मैराथन बना मुख्य आकर्षण

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘रन फॉर इंद्रावती’ मैराथन रही। 5 और 10 किलोमीटर की दो श्रेणियों में आयोजित मैराथन में करीब 150 धावकों ने हिस्सा लिया।

बीजापुर के अलावा दंतेवाड़ा, कोंडागांव और बस्तर सहित कई जिलों से पहुंचे प्रतिभागियों ने बारिश के बीच दौड़ पूरी कर वन्यजीव संरक्षण का संदेश दिया।

कलेक्टर ने दिखाई हरी झंडी, युवाओं से की अपील

मैराथन को बीजापुर कलेक्टर विश्वदीप ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

उन्होंने कहा कि बाघों और वनों का संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के हर नागरिक का दायित्व है। उन्होंने युवाओं से पर्यावरण और वन्यजीव संरक्षण अभियान से सक्रिय रूप से जुड़ने की अपील की।

विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस पर विद्यार्थियों के लिए चित्रकला, पेंटिंग, कविता और भाषण प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया।

जिले के 9 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने बाघ संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर शानदार प्रस्तुतियां देकर लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

विजेताओं को किया गया सम्मानित

पुरस्कार वितरण समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा मुख्य अतिथि रहीं।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमन कुमार झा भी मौजूद रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि बचपन से पर्यावरण संरक्षण के संस्कार विकसित करना भविष्य के लिए बेहद जरूरी है।

वन विभाग और सामाजिक संस्था की अहम भूमिका

कार्यक्रम को सफल बनाने में इंद्रावती टाइगर रिजर्व के उप संचालक संदीप बलगा, एसडीओ मनोज बघेल, वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इसके साथ ही नोवा नेचर वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष एम. सूरज एवं उनकी टीम ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग दिया।

मैराथन प्रतियोगिता के विजेता

5 किलोमीटर (महिला वर्ग)

  • प्रथम – सुनीता कुहरामी
  • द्वितीय – साक्षी नेताम
  • तृतीय – प्रियंशु मिच्छा

10 किलोमीटर (महिला वर्ग)

  • प्रथम – पार्वती नेताम
  • द्वितीय – कुसुम सरदुल
  • तृतीय – अंजली करम

5 किलोमीटर (पुरुष वर्ग)

  • प्रथम – चम्पेश कुमार मरकाम
  • द्वितीय – प्रदीप मरकाम
  • तृतीय – मनजीत मरकाम

10 किलोमीटर (पुरुष वर्ग)

  • प्रथम – फूलधर नेताम
  • द्वितीय – भावेश सलाम
  • तृतीय – ललित कुमार नाग

चित्रकला एवं पेंटिंग प्रतियोगिता के विजेता

कक्षा 5 से 8

  • प्रथम – यश विष्णु
  • द्वितीय – सुनीता तेलम
  • तृतीय – अंश कुमार
  • चतुर्थ – शेरोन बरसा

कक्षा 9 से 12

  • प्रथम – शांति त्रिपाठी
  • द्वितीय – मीनाक्षी एवं प्रयाग (संयुक्त)
  • तृतीय – इलाफ फातिमा

बाघ संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का संकल्प

कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस केवल एक दिवस का आयोजन नहीं, बल्कि बाघों, वनों और वन्यजीवों के संरक्षण के प्रति समाज को जागरूक करने का एक सशक्त जनअभियान है।

इंद्रावती टाइगर रिजर्व में सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी ने यह संदेश दिया कि बाघों और उनके प्राकृतिक आवासों का संरक्षण हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को और व्यापक स्तर पर आयोजित करने का संकल्प लिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button