
रायपुर। छत्तीसगढ़ अब देश के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी एक उभरते हुए स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। नवा रायपुर में आयोजित ‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ ने प्रदेश की खेल यात्रा में एक नया अध्याय जोड़ दिया है। प्रतियोगिता में देश-विदेश के 132 प्रोफेशनल गोल्फर, जिनमें 18 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं, हिस्सा ले रहे हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को नवा रायपुर स्थित फेयरवे गोल्फ एंड कंट्री क्लब रिजॉर्ट में प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने गोल्फ में हाथ आजमाकर खिलाड़ियों का उत्साह भी बढ़ाया। कार्यक्रम में 1983 विश्वकप विजेता भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान और पीजीटीआई अध्यक्ष कपिल देव की विशेष मौजूदगी रही।

नवा रायपुर बनेगा प्रमुख गोल्फ डेस्टिनेशन
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि ‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ की नई पहचान बनेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि नवा रायपुर भविष्य में देश-दुनिया के प्रमुख गोल्फ डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित होगा।
सीएम साय ने कहा कि कभी गोल्फ को केवल फिल्मों या संपन्न वर्ग से जुड़े खेल के रूप में देखा जाता था, लेकिन अब इस खेल का दायरा लगातार बढ़ रहा है। छत्तीसगढ़ में भी गोल्फ की संभावनाएं तेजी से विकसित हो रही हैं। राज्य सरकार गोल्फ को बढ़ावा देने, सुविधाओं के विस्तार और बड़े टूर्नामेंट आयोजित करने में हरसंभव सहयोग देगी।
132 खिलाड़ियों की भागीदारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि नवा रायपुर में इतने बड़े स्तर पर प्रोफेशनल गोल्फ टूर्नामेंट का आयोजन प्रदेश के लिए गौरव की बात है। प्रतियोगिता में 132 प्रोफेशनल खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 18 विदेशी गोल्फर शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों का असर केवल खेल के मैदान तक सीमित नहीं रहता। इससे प्रदेश की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान मजबूत होती है, स्पोर्ट्स टूरिज्म को बढ़ावा मिलता है और स्थानीय खिलाड़ियों तथा युवाओं को विश्वस्तरीय खिलाड़ियों से सीखने का अवसर मिलता है।
खेल अधोसंरचना पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार खेलों को युवाओं के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन और आत्मविश्वास से जोड़कर आगे बढ़ा रही है। प्रदेश में खेल अधोसंरचना का विस्तार किया जा रहा है और राष्ट्रीय स्तर के विभिन्न खेल आयोजनों की मेजबानी भी हो रही है।
उन्होंने बताया कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अवसर उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन को बजट में शामिल किया गया है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रतिभाओं के आगे बढ़ने में संसाधनों और अवसरों की कमी बाधा न बने।
बस्तर और सरगुजा आने का दिया न्योता
मुख्यमंत्री ने देश-विदेश से प्रतियोगिता में पहुंचे खिलाड़ियों का छत्तीसगढ़ की धरती पर स्वागत किया। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि वे टूर्नामेंट के साथ प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय संस्कृति और पर्यटन स्थलों को भी करीब से देखें।
सीएम साय ने विशेष रूप से बस्तर और सरगुजा का उल्लेख करते हुए खिलाड़ियों को वहां आने का न्योता दिया। उन्होंने बस्तर के चित्रकोट जलप्रपात सहित प्रदेश के प्राकृतिक स्थलों और जनजातीय संस्कृति से परिचित होने का आग्रह किया।
कपिल देव बोले- हर साल हो गोल्फ टूर्नामेंट
पीजीटीआई अध्यक्ष और 1983 विश्वकप विजेता भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान कपिल देव ने प्रतियोगिता के आयोजन के लिए मुख्यमंत्री साय और छत्तीसगढ़ सरकार का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि इस तरह के बड़े आयोजन प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने और नई प्रतिभाओं को प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कपिल देव ने इच्छा जताई कि छत्तीसगढ़ में यह गोल्फ टूर्नामेंट हर वर्ष आयोजित किया जाए और आगामी वर्षों की तारीखें पहले से तय हों, ताकि देश-विदेश के खिलाड़ी अपने टूर्नामेंट कैलेंडर के अनुसार यहां आने की योजना बना सकें।
कपिल देव ने कहा कि छत्तीसगढ़ का वातावरण गोल्फ के लिए अनुकूल है और यहां खिलाड़ियों को मिलने वाला आत्मीय आतिथ्य इसकी खास पहचान है। उन्होंने विश्वास जताया कि जिस तरह दिल्ली, बेंगलुरु और कोलकाता गोल्फ के प्रमुख केंद्र हैं, उसी तरह आने वाले समय में छत्तीसगढ़ भी देश के प्रमुख गोल्फ डेस्टिनेशन के रूप में अपनी पहचान बनाएगा।
छत्तीसगढ़ के लिए खेल और पर्यटन दोनों के लिहाज से अहम आयोजन
पीजीटीआई के सीईओ अमनदीप चहल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खिलाड़ियों का आत्मीय स्वागत किया जाता है। उन्होंने बताया कि यहां का वातावरण, गोल्फ कोर्स और व्यवस्थाएं खिलाड़ियों को प्रभावित करती हैं और कई खिलाड़ी दोबारा छत्तीसगढ़ आकर खेलने की इच्छा जताते हैं।
‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ को छत्तीसगढ़ के लिए खेल और पर्यटन, दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यह आयोजन नवा रायपुर को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय गोल्फ मानचित्र पर स्थापित करने के साथ प्रदेश को आने वाले समय में प्रमुख स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन बनाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
