अपराधछत्तीसगढ़बस्तर

दंतेवाड़ा में जवानों को बड़ी कामयाबी, AK-47, BGL लॉन्चर और विस्फोटक बरामद

रायपुर। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में चलाए जा रहे एंटी नक्सल ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। बारसूर थाना क्षेत्र के कोहकाबेड़ा-बुरदूम के बीच जंगल और पहाड़ी इलाके में सर्चिंग के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया हथियार और विस्फोटक सामग्री का डंप बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिले इंटेलिजेंस इनपुट के आधार पर 5 अक्टूबर से मंगनार, बुरदूम, तोड़मा और कोहकाबेड़ा क्षेत्र में एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया जा रहा था। जिला बल, DRG, बस्तर फाइटर्स और CRPF की संयुक्त टीम ने 6 अक्टूबर की सुबह करीब 6:30 बजे सर्चिंग के दौरान जंगल में छिपाया गया डंप खोज निकाला।

AK-47 और INSAS समेत हथियार बरामद

एसपी चंद्रमोहन सिंह के मुताबिक, बरामद सामान में एक AK-47 राइफल, उसकी मैगजीन और 23 राउंड गोलियां शामिल हैं। इसके अलावा एक INSAS राइफल और मैगजीन, 6 भरमार बंदूकें तथा एक BGL लॉन्चर भी बरामद किया गया है।

डंप से BGL के 9 शेल, 5 अन्य BGL राउंड और 315 बोर के 138 राउंड भी मिले हैं। सुरक्षा बलों ने बरामद हथियारों और गोलियों को कब्जे में लेकर उनकी जांच शुरू कर दी है।

कुकर और टिफिन बम समेत विस्फोटक सामग्री मिली

सर्चिंग के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री भी मिली। डंप से 8 कुकर बम और 4 टिफिन बम बरामद किए गए हैं। इसके साथ करीब 20 मीटर कॉडेक्स वायर और पिस्टन रॉड स्प्रिंग के 24 नग भी मिले हैं।

इसके अलावा वॉकी-टॉकी सेट, तीर बम, दो इन्वर्टर, एक मल्टीमीटर और नक्सली वर्दी के दो जोड़ी भी बरामद हुई हैं। बरामद सामग्री को सुरक्षा मानकों के अनुसार कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

इंटेलिजेंस इनपुट के आधार पर हुई कार्रवाई

एसपी चंद्रमोहन सिंह ने बताया कि बारसूर थाना क्षेत्र के पहाड़ी और जंगल इलाकों में एंटी नक्सल ऑपरेशन के दौरान डंप की सटीक सूचना मिलने पर CRPF और DRG की संयुक्त टीम ने सर्चिंग अभियान तेज किया था। इसी दौरान यह बड़ी बरामदगी हुई।

उन्होंने इस सफलता का श्रेय सुरक्षा बलों के जवानों की मेहनत के साथ मजबूत इंटेलिजेंस और इंफॉर्मेशन गैदरिंग नेटवर्क को दिया। पुलिस के मुताबिक, अन्य इलाकों में भी नक्सली डंप से जुड़ी सूचनाएं मिल रही हैं, जिनका सत्यापन किया जा रहा है।

फिलहाल सुरक्षा बल पूरे क्षेत्र में सर्चिंग और एरिया डोमिनेशन जारी रखे हुए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button