छत्तीसगढ़संपादकीयसरकारी योजना

हर घर नल से स्वच्छ पानी पहुंचाना लक्ष्य, CM साय ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

रायपुर, 10 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में जल संरक्षण और हर परिवार तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लिए राज्य सरकार ने जल संचय जन भागीदारी अभियान और जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में जल संसाधन विभाग और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को सभी लंबित कार्य मिशन मोड में पूरा करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जल संरक्षण केवल वर्तमान की जरूरत नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों की जल सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। प्रदेश में जल की प्रत्येक बूंद का संरक्षण और प्रत्येक परिवार को पर्याप्त एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

जनभागीदारी से मजबूत होगा जल संरक्षण अभियान

मुख्यमंत्री साय ने जल संचय जन भागीदारी अभियान की जिलेवार प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि जल संरक्षण को केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए। इसे व्यापक जनभागीदारी का अभियान बनाया जाए।

उन्होंने कोरिया, धमतरी, राजनांदगांव सहित बेहतर प्रदर्शन करने वाले जिलों के कार्यों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन जिलों की बेहतर कार्यप्रणाली और अनुभवों को दूसरे जिलों में भी लागू किया जाए, ताकि पूरे प्रदेश में जल संरक्षण के प्रयासों को गति मिल सके।

उन्होंने अधिकारियों को सभी जिलों में जल संरक्षण से जुड़े कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने और कमियों का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा करने पर विशेष जोर दिया।

मार्च 2028 तक जल संरचनाएं पूरी करने पर जोर

मुख्यमंत्री ने जल संरक्षण से संबंधित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जल संरचनाओं के निर्माण में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। दीर्घकालिक जल सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए योजनाओं की नियमित समीक्षा और निगरानी सुनिश्चित की जाए।

जल संसाधन विभाग के सचिव आर.एस. टोप्पो ने बताया कि जल संचय जन भागीदारी अभियान में छत्तीसगढ़ देश में अग्रणी है। उन्होंने सभी जिलों को निर्धारित लक्ष्य हासिल करने के साथ उससे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रतिबद्धता से काम करने के निर्देशों की जानकारी दी।

हर घर तक नल से स्वच्छ पानी पहुंचाना लक्ष्य

बैठक में मुख्यमंत्री ने जल जीवन मिशन की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जल जीवन मिशन का उद्देश्य प्रत्येक परिवार तक नल के माध्यम से स्वच्छ पेयजल पहुंचाना है। छत्तीसगढ़ में भी हर घर तक पर्याप्त और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की प्रमुख प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने सभी कलेक्टरों को अपने-अपने जिलों में जल जीवन मिशन की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक, तकनीकी या क्रियान्वयन से जुड़ी किसी भी बाधा का तत्काल समाधान किया जाए और शेष कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि केवल पाइपलाइन या अन्य अधोसंरचना का निर्माण ही लक्ष्य न रहे, बल्कि योजना का वास्तविक लाभ लोगों तक पहुंचे और परिवारों को नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल मिलता रहे।

पूर्ण कार्यों का भुगतान समय पर करने के निर्देश

मुख्यमंत्री साय ने जल जीवन मिशन के तहत पूर्ण हो चुके कार्यों के भुगतान की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्धारित मापदंड और गुणवत्ता के अनुरूप पूरे किए जा चुके कार्यों का भुगतान अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।

उन्होंने जिला स्तर पर नियमित समीक्षा करते हुए सामने आने वाली समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।

जल सुरक्षा को हर जिले की प्राथमिकता बनाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने सभी कलेक्टरों से कहा कि जल संरक्षण और हर घर तक नल से पेयजल पहुंचाने के लक्ष्य को जिले की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल किया जाए। स्थानीय परिस्थितियों और उपलब्ध जल संसाधनों को ध्यान में रखते हुए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने कहा कि जल संचय जन भागीदारी अभियान और जल जीवन मिशन सीधे आम नागरिकों के जीवन से जुड़े हैं। इनके प्रभावी क्रियान्वयन से वर्तमान में लोगों को बेहतर पेयजल सुविधा मिलेगी और आने वाली पीढ़ियों के लिए जल सुरक्षा की मजबूत नींव तैयार होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ जल संरक्षण के क्षेत्र में देश के सामने एक प्रभावी मॉडल प्रस्तुत कर सकता है। इसके लिए शासन-प्रशासन के साथ जनभागीदारी को और मजबूत करना जरूरी है। सरकार का लक्ष्य ऐसा छत्तीसगढ़ बनाना है, जहां जल स्रोत सुरक्षित रहें, जल का बेहतर संरक्षण हो और प्रत्येक परिवार को पर्याप्त एवं स्वच्छ पेयजल सहज रूप से उपलब्ध हो।

बैठक में मुख्य सचिव विकासशील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानंद, जल संसाधन विभाग के सचिव आर.एस. टोप्पो, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सचिव अब्दुल कैसर हक, मुख्यमंत्री के विशेष सचिव रजत बंसल, संयुक्त सचिव प्रभात मलिक सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button