CG Vidhansabha Award 2026: धरमलाल कौशिक और राघवेंद्र सिंह बने उत्कृष्ट विधायक, IBC24 के दो पत्रकार भी सम्मानित


रायपुर:। छत्तीसगढ़ विधानसभा की उत्कृष्ट संसदीय परंपराओं, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनप्रतिनिधित्व को सम्मानित करने के उद्देश्य से आयोजित उत्कृष्टता अलंकरण समारोह में बुधवार को राज्यपाल रमेन डेका ने विधानसभा परिसर में नवनिर्मित प्रेक्षागृह का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने विधानसभा की कार्यसंस्कृति और लोकतांत्रिक परंपराओं की सराहना करते हुए इसे प्रदेश के विकास का सशक्त मंच बताया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा ने अपने गठन के बाद से लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय गरिमा और अनुशासन की ऐसी उत्कृष्ट परंपराएं स्थापित की हैं, जिनकी राष्ट्रीय स्तर पर प्रशंसा होती है। उन्होंने कहा कि 1 नवंबर 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नवीन विधानसभा भवन के लोकार्पण के बाद अब नवनिर्मित प्रेक्षागृह का उद्घाटन विधानसभा की संस्थागत क्षमता को और मजबूत करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा देश की पहली और एकमात्र ऐसी विधानसभा है, जहां गर्भगृह में किसी विधायक के प्रवेश करते ही वह स्वतः निलंबित हो जाता है। यह व्यवस्था संसदीय अनुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता का अनूठा उदाहरण है।
उत्कृष्ट विधायक और पत्रकार सम्मानित

समारोह में उत्कृष्ट संसदीय कार्य के लिए बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक और अकलतरा विधायक राघवेंद्र कुमार सिंह को उत्कृष्ट विधायक अलंकरण से सम्मानित किया गया। वहीं संसदीय पत्रकारिता में उल्लेखनीय योगदान के लिए दैनिक पत्रिका के संवाददाता संतराम साहू को उत्कृष्ट संसदीय पत्रकार अलंकरण तथा इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में उत्कृष्ट रिपोर्टिंग के लिए आईबीसी-24 के सौरभ सिंह परिहार एवं डॉ. राजेश राज को उत्कृष्ट इलेक्ट्रॉनिक मीडिया रिपोर्टर अलंकरण प्रदान किया गया।
लोकतंत्र का मंदिर है विधानसभा : राज्यपाल
राज्यपाल रमेन डेका ने अपने संबोधन में कहा कि विधानसभा लोकसेवा का वह केंद्र है, जहां जनप्रतिनिधि लोककल्याण का पावन कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि संसदीय सदन लोकतंत्र का मंदिर है और उसकी प्रतिष्ठा सदस्यों के आचरण, व्यवहार और विचारों पर निर्भर करती है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा देश की श्रेष्ठ विधानसभाओं में शामिल है, जहां पक्ष और प्रतिपक्ष के बीच समन्वय, सम्मान और स्वस्थ संवाद की परंपरा अनुकरणीय है। राज्यपाल ने सभी सम्मानित जनप्रतिनिधियों और पत्रकारों को बधाई देते हुए प्रदेश के विकास के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।
पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री श्री साय ने लोकतंत्र में पत्रकारिता की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि पत्रकार लोकतांत्रिक व्यवस्था और जनता के बीच सेतु का कार्य करते हैं। विधानसभा की कार्यवाही और जनहित के मुद्दों को निष्पक्ष एवं तथ्यपरक ढंग से लोगों तक पहुंचाने में संसदीय पत्रकारों की अहम भूमिका होती है। उन्होंने सम्मानित पत्रकारों को बधाई देते हुए कहा कि जिम्मेदार पत्रकारिता लोकतंत्र को और अधिक मजबूत बनाती है।
उन्होंने सम्मानित विधायकों की सराहना करते हुए कहा कि धरमलाल कौशिक का सार्वजनिक जीवन संसदीय अनुभव और मर्यादा का उदाहरण है, जबकि पहली बार विधायक बने राघवेंद्र कुमार सिंह ने अध्ययनशील और प्रभावी प्रस्तुतियों से सदन में अपनी अलग पहचान बनाई है।
स्वस्थ संसदीय परंपराओं का उदाहरण : डॉ. रमन सिंह
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि नवीन विधानसभा भवन के बाद प्रेक्षागृह का लोकार्पण विधानसभा के विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि राजनीतिक मतभेदों के बावजूद पक्ष और प्रतिपक्ष प्रदेशहित के मुद्दों पर सकारात्मक और सार्थक चर्चा करते हैं।
उन्होंने कहा कि उत्कृष्टता अलंकरण केवल व्यक्तिगत उपलब्धियों का सम्मान नहीं, बल्कि संसदीय लोकतंत्र की श्रेष्ठ परंपराओं को प्रोत्साहित करने का माध्यम भी है।
अनूप जलोटा के भजनों से सजा सांस्कृतिक आयोजन
समारोह के सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रसिद्ध भजन गायक अनूप जलोटा ने अपने लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति देकर उपस्थित जनसमूह को भक्तिरस से सराबोर कर दिया।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा, संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, विधानसभा सचिव दिनेश शर्मा, विधायकगण, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, पत्रकार एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

