
रायपुर, 2 अगस्त 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर रविवार को देशभर में ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान’ की शुरुआत हुई। राजधानी रायपुर के लोक भवन में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में बड़ी संख्या में युवाओं, छात्र-छात्राओं और विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों ने नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया।
नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से अभियान का शुभारंभ करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से नशामुक्त जीवन अपनाने और अपने परिवार व समाज को भी इस दिशा में जागरूक करने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की सबसे बड़ी भूमिका है।

लोक भवन में प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण देखा गया। इसके बाद राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्ति की शपथ ली। कार्यक्रम में युवाओं को नशीले पदार्थों के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
सरकार के अनुसार यह अभियान 2 अगस्त 2026 से अगले 100 सप्ताह तक देशभर में संचालित किया जाएगा। इसके तहत विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, एनएसएस, एनसीसी, माय भारत युवा संगठन तथा अन्य युवा संगठनों के सहयोग से नशामुक्ति शपथ, जागरूकता रैली, पोस्टर एवं चित्रकला प्रतियोगिता, वाद-विवाद, निबंध लेखन, नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रम, लघु फिल्म प्रदर्शन, सोशल मीडिया अभियान और सामुदायिक संवाद जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, उन्हें सकारात्मक जीवन मूल्यों से जोड़ना और विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। केंद्र और राज्य सरकार इस अभियान को जनभागीदारी का व्यापक आंदोलन बनाने के लिए संयुक्त रूप से कार्य करेंगी।
कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, विधिक सलाहकार श्रीमती सत्यभामा अजय दुबे, रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।



