टॉप न्यूज़शिक्षासरकारी योजना

छत्तीसगढ़ के 30 ITI बनेंगे आधुनिक, 1,446 करोड़ रुपये होंगे खर्च; BSP और NMDC से हुआ MoU

रायपुर, 13 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के युवाओं को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप तकनीकी प्रशिक्षण और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश के 30 शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) का आधुनिकीकरण किया जाएगा। प्रधानमंत्री पीएम-सेतु योजना के तहत छह क्लस्टरों में पांच वर्षों के दौरान लगभग 1,446 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में दुर्ग और बस्तर क्लस्टर के लिए भिलाई स्टील प्लांट (BSP) और NMDC लिमिटेड के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।

छह क्लस्टरों में विकसित होंगे आधुनिक ITI

योजना के तहत दुर्ग, कोरबा, सरगुजा, बस्तर, रायगढ़ और रायपुर में छह हब ITI और 24 स्पोक ITI को विकसित करने की तैयारी है। हब संस्थान आधुनिक प्रशिक्षण के प्रमुख केंद्र होंगे, जबकि उनसे जुड़े स्पोक संस्थानों को भी उन्नत उपकरणों और प्रशिक्षण सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

प्रस्तावित निवेश के तहत प्रत्येक क्लस्टर के लिए लगभग 241 करोड़ रुपये निर्धारित हैं। इसमें हब ITI के लिए 81 करोड़ रुपये और प्रत्येक स्पोक ITI के लिए 40 करोड़ रुपये का प्रावधान बताया गया है।

BSP और NMDC बनेंगे उद्योग भागीदार

दुर्ग क्लस्टर में भिलाई स्टील प्लांट और बस्तर क्लस्टर में NMDC लिमिटेड उद्योग भागीदार के रूप में सहयोग करेंगे। सरगुजा क्लस्टर के लिए SECL ने भी सहभागिता की सहमति दी है, जबकि कोरबा, रायपुर और रायगढ़ क्लस्टरों में भागीदारों के चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि ITI में प्रशिक्षण को उद्योगों की वास्तविक जरूरतों से जोड़ना जरूरी है, ताकि युवाओं को आधुनिक तकनीक और व्यावहारिक कार्यप्रणाली का अनुभव मिल सके।

क्या होगा युवाओं को फायदा?

ITI में आधुनिक मशीनें, उपकरण और प्रयोगशालाएं विकसित करने के साथ प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुधारने पर जोर दिया जाएगा। इससे युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ाने और स्वरोजगार एवं उद्यमिता के अवसर तैयार करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कौशल विकास के जरिए युवाओं को रोजगार से जोड़ना और उन्हें रोजगार सृजित करने के योग्य बनाना विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button