
रायपुर। छत्तीसगढ़ के शिक्षा जगत के लिए गौरव की खबर है। रायपुर की शिक्षिका वसुंधरा यादव को प्रतिष्ठित India’s Best Teachers Award 2026 से सम्मानित किया गया है। देशभर से चयनित उत्कृष्ट शिक्षकों में जगह बनाकर उन्होंने रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।
यह सम्मान शिव नादर फाउंडेशन और यूनिवर्सिटी ऑफ ऑक्सफोर्ड के सैद बिजनेस स्कूल की पहल के तहत प्रदान किया गया है। देशभर से चयनित 16 शिक्षकों को इस प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया है।

वसुंधरा यादव वर्तमान में ब्राइटन इंटरनेशनल स्कूल, रायपुर में लॉ एवं सोशल साइंस की शिक्षिका के रूप में सेवाएं दे रही हैं। शिक्षण के प्रति उनके समर्पण, विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास और बेहतर परीक्षा परिणामों ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है।
मुंबई यूनिवर्सिटी की गोल्ड मेडलिस्ट हैं वसुंधरा यादव
वसुंधरा यादव की शैक्षणिक उपलब्धियां भी उल्लेखनीय हैं। वे मुंबई विश्वविद्यालय की गोल्ड मेडलिस्ट हैं। इसके अलावा उन्होंने एलएल.बी., एलएल.एम. और बी.एड. जैसी उच्च शैक्षणिक योग्यताएं हासिल की हैं।
लॉ और सोशल साइंस विषयों में उनके विद्यार्थियों का प्रदर्शन लगातार उत्कृष्ट रहा है। बोर्ड परीक्षाओं में विद्यार्थियों ने 98 से 99 प्रतिशत तक के परिणाम हासिल किए हैं।
ऑक्सफोर्ड में मिलेगा विशेष प्रशिक्षण
इस सम्मान के साथ चयनित शिक्षकों को ऑक्सफोर्ड में विशेष शैक्षणिक एवं नेतृत्व विकास कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर भी मिलेगा। इस कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षकों को वैश्विक स्तर की शिक्षण पद्धतियों, नेतृत्व कौशल और शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे नवाचारों को समझने का अवसर मिलेगा।
वसुंधरा यादव वल्लभ नगर, प्रियदर्शिनी कॉलोनी, रायपुर की निवासी हैं। वे लक्ष्मी यादव एवं डॉ. एन.पी. यादव की पुत्री हैं। उनकी इस उपलब्धि पर परिवार, विद्यालय के सहकर्मियों, विद्यार्थियों और शुभचिंतकों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी है।
वसुंधरा यादव की यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। उनकी सफलता प्रदेश की युवा प्रतिभाओं और विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा बनी है।