चित्रकोट में बनेगी 25 करोड़ की वर्ल्ड क्लास टेंट सिटी, PPP मॉडल प्रोजेक्ट को दी दिशा

रायपुर, 21 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के विश्व प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात के समीप पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की तैयारी शुरू हो गई है। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित सार्वजनिक निजी भागीदारी मूल्यांकन समिति (PPPAC) की बैठक में बस्तर जिले के तीरथ गांव में करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से टेंट सिटी विकसित करने के प्रस्ताव पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि यह महत्वाकांक्षी परियोजना पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत विकसित की जाएगी। प्रस्तावित टेंट सिटी चित्रकोट जलप्रपात से लगभग 500 मीटर की दूरी पर स्थित तीरथ गांव में बनाई जाएगी।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि चित्रकोट जलप्रपात और उसके आसपास के क्षेत्र को विश्वस्तरीय पर्यटन स्थल (World Class Tourism Destination) के रूप में विकसित करने के लिए एक व्यापक मास्टर प्लान तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि चित्रकोट देश के सबसे बड़े जलप्रपातों में से एक है और यहां आधुनिक पर्यटन सुविधाएं विकसित होने से बस्तर में पूरे वर्ष पर्यटकों का आगमन बढ़ेगा।
पर्यटन विभाग ने बैठक में जानकारी दी कि टेंट सिटी में पर्यटकों के लिए एडवेंचर एक्टिविटी, डेस्टिनेशन वेडिंग, कॉन्फ्रेंस हॉल सहित आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
बैठक में वित्त विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य तथा पर्यटन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


