
रायपुर। नवा रायपुर अटल नगर की पहचान अब केवल प्रशासनिक राजधानी के रूप में नहीं, बल्कि देश के प्रमुख बिजनेस, निवेश और हॉस्पिटैलिटी डेस्टिनेशन के तौर पर भी तेजी से मजबूत हो रही है। इसी कड़ी में देश की प्रमुख हॉस्पिटैलिटी कंपनी इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड (IHCL) ने नवा रायपुर में अपने प्रतिष्ठित Ginger Hotel की स्थापना की घोषणा की है।
प्रस्तावित होटल में 111 कमरे होंगे और इसे ब्राउनफील्ड परियोजना के रूप में विकसित किया जाएगा। इस परियोजना के लिए IHCL ने ECHT Ventures के साथ साझेदारी की है। होटल के शुरू होने से नवा रायपुर आने वाले निवेशकों, कारोबारियों, पर्यटकों और देश-विदेश के प्रतिनिधियों को आधुनिक आतिथ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
नवा रायपुर की बढ़ती पहचान का प्रमाण: मुख्यमंत्री साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि नवा रायपुर में देश की प्रतिष्ठित हॉस्पिटैलिटी कंपनी IHCL का Ginger Hotel आना छत्तीसगढ़ के प्रति बढ़ते निवेशकों के विश्वास और नवा रायपुर की राष्ट्रीय पहचान का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नवा रायपुर को आधुनिक, सुविधायुक्त और निवेश के अनुकूल शहर के रूप में विकसित करने के लिए लगातार काम कर रही है। निवेशकों, उद्यमियों, प्रोफेशनल्स और पर्यटकों के लिए बेहतर हॉस्पिटैलिटी सुविधाओं का विस्तार शहर की आर्थिक गतिविधियों को नई गति देगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नवा रायपुर अब केवल प्रशासनिक राजधानी तक सीमित नहीं है, बल्कि निवेश, शिक्षा, रोजगार, पर्यटन और आधुनिक सेवाओं के प्रमुख केंद्र के रूप में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
बिजनेस और पर्यटन को मिलेगी नई मजबूती: ओपी चौधरी
वित्त एवं आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि नवा रायपुर में Ginger Hotel का आगमन शहर के तेजी से विकसित हो रहे बिजनेस और हॉस्पिटैलिटी इकोसिस्टम को नई मजबूती देगा।
उन्होंने कहा कि विश्वस्तरीय संस्थानों, निवेश परियोजनाओं और कॉर्पोरेट गतिविधियों के विस्तार के साथ गुणवत्तापूर्ण आवास और आतिथ्य सुविधाओं की मांग भी बढ़ रही है। सरकार का प्रयास है कि नवा रायपुर में निवेश करने वाले उद्यमियों और यहां आने वाले देश-विदेश के प्रतिनिधियों को आधुनिक और सुविधाजनक इकोसिस्टम उपलब्ध कराया जाए।
111 कमरों के साथ मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
प्रस्तावित Ginger Nava Raipur में कुल 111 कमरे होंगे। होटल में आधुनिक और विशाल कमरे, Ginger का सिग्नेचर Qmin ऑल-डे डाइनिंग रेस्टोरेंट, मीटिंग रूम और फिटनेस सेंटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
होटल को मुख्य रूप से बिजनेस यात्रियों के साथ-साथ नवा रायपुर आने वाले पर्यटकों और अवकाश यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया जाएगा।
Ginger Hotel के इस नए प्रोजेक्ट से नवा रायपुर के हॉस्पिटैलिटी सेक्टर को मजबूती मिलने के साथ शहर में बिजनेस टूरिज्म और निवेश गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।


