राजनीतिसंपादकीय

हिंदी दिवस 2026: अमित शाह बोले- जनसंचार, सुशासन और राष्ट्रीय एकता में हिंदी की अहम भूमिका

रायपुर। देशभर में आज 14 सितंबर को हिंदी दिवस 2026 मनाया जा रहा है। इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। तीनों नेताओं ने हिंदी को भारतीय संस्कृति, राष्ट्रीय एकता और जनसंचार की महत्वपूर्ण भाषा बताते हुए इसके संरक्षण और संवर्धन पर जोर दिया।

हर साल 14 सितंबर को हिंदी दिवस मनाया जाता है। दरअसल, 14 सितंबर 1949 को संविधान सभा ने देवनागरी लिपि में लिखी हिंदी को संघ की राजभाषा के रूप में स्वीकार किया था। आज हिंदी दुनिया में सबसे अधिक बोली जाने वाली भाषाओं में शामिल है और 52 करोड़ से अधिक लोगों की पहली भाषा है।

ओम बिरला ने हिंदी को बताया अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने हिंदी दिवस पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि साहित्य और पत्रकारिता से लेकर सिनेमा, टेलीविजन, शिक्षा और डिजिटल जगत तक हिंदी लाखों लोगों के लिए अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम बन चुकी है।

उन्होंने कहा कि इंटरनेट, सोशल मीडिया, डिजिटल शिक्षा, प्रौद्योगिकी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के दौर में भारतीय भाषाओं की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो गई है। हिंदी ज्ञान, विज्ञान, प्रौद्योगिकी और आधुनिक अभिव्यक्ति की प्रभावी भाषा के रूप में आगे बढ़ रही है।

अमित शाह ने जनसंचार और सुशासन में हिंदी की भूमिका पर दिया जोर

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी हिंदी दिवस के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हिंदी जनसंचार, सुशासन और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

अमित शाह ने कहा कि सभी भारतीय भाषाओं के साथ आगे बढ़ते हुए हिंदी अब प्रौद्योगिकी और अनुसंधान की भाषा भी बन रही है। उन्होंने नागरिकों से हिंदी सहित सभी भारतीय भाषाओं को सशक्त बनाने का संकल्प लेने की अपील की।

नवी मुंबई में होगा अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज नवी मुंबई में हिंदी दिवस 2026 कार्यक्रम और छठे अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन में शामिल होंगे। दो दिवसीय इस सम्मेलन में विद्वान, साहित्यकार, शिक्षाविद, सांसद, वरिष्ठ सरकारी अधिकारी और विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियां हिस्सा लेंगी।

सम्मेलन में हिंदी को राजभाषा, जनभाषा और संपर्क भाषा के रूप में विकसित करने तथा अन्य भारतीय भाषाओं के साथ इसके समन्वय को और मजबूत करने पर चर्चा होगी।

कार्यक्रम के दौरान अमित शाह वर्ष 2025-26 में राजभाषा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए राजभाषा गौरव और राजभाषा कीर्ति पुरस्कार भी प्रदान करेंगे।

राजनाथ सिंह ने हिंदी को बताया संस्कृति और सभ्यता की पहचान

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हिंदी दिवस पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हिंदी केवल एक भाषा नहीं, बल्कि भारत की संस्कृति, सभ्यता और जीवन-मूल्यों की सशक्त अभिव्यक्ति है।

उन्होंने कहा कि हिंदी देश की विविधता को एकता के सूत्र में पिरोने का काम करती है। राजनाथ सिंह ने नागरिकों से हिंदी के संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लेने के साथ ही ज्ञान, विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्रों में हिंदी को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button