Uncategorized

जशपुर की पूनम देवी बनीं ‘लखपति दीदी’, मुद्रा योजना से बदली किस्मत, अब हर महीने 35 हजार रुपये तक का कारोबार

रायपुर, 26 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार योजनाएं छत्तीसगढ़ की ग्रामीण महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव ला रही हैं। छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के जरिए जशपुर जिले की महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार काम हो रहा है। इसकी प्रेरणादायक मिसाल दुलदुला विकासखंड के ग्राम सिमड़ा की पूनम देवी हैं, जिन्होंने स्व-सहायता समूह से जुड़कर अपनी जिंदगी बदल दी और आज ‘लखपति दीदी’ के रूप में पहचान बना चुकी हैं।

मजदूरी से आत्मनिर्भरता तक का सफर

गणेश महिला स्व-सहायता समूह की सदस्य पूनम देवी पहले परिवार के पालन-पोषण के लिए मजदूरी पर निर्भर थीं। लेकिन समूह से जुड़ने के बाद उन्हें बचत, ऋण सुविधा और स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी मिली। इससे उन्होंने आर्थिक रूप से मजबूत बनने का संकल्प लिया और अपने परिवार की आय बढ़ाने की दिशा में कदम बढ़ाया।

मुद्रा योजना से मिला 1 लाख रुपये का ऋण

मार्च 2025 में पूनम देवी ने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत 1 लाख रुपये का ऋण प्राप्त किया। इस राशि से उन्होंने अपनी किराना दुकान का विस्तार किया और व्यवस्थित तरीके से व्यवसाय शुरू किया। मेहनत और बेहतर प्रबंधन के चलते उनका कारोबार लगातार बढ़ता गया।

हर महीने 30 से 35 हजार रुपये तक की बिक्री

आज पूनम देवी की किराना दुकान से हर माह लगभग 30 से 35 हजार रुपये तक की बिक्री हो रही है। बढ़ी हुई आय से वे परिवार की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ बच्चों की शिक्षा पर भी बेहतर ढंग से खर्च कर रही हैं।

गांव की महिलाओं के लिए बनीं प्रेरणा

पूनम देवी का कहना है कि स्व-सहायता समूह से जुड़ने के बाद उनमें आत्मविश्वास बढ़ा और आर्थिक स्थिरता आई। आज वे केवल अपने परिवार का सहारा ही नहीं हैं, बल्कि गांव की अन्य महिलाओं को भी स्वरोजगार अपनाकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित कर रही हैं।

बिहान मिशन से महिलाओं को मिल रही नई पहचान

छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के माध्यम से जशपुर जिले में महिलाओं को स्वरोजगार, वित्तीय सहायता और कौशल विकास से जोड़ा जा रहा है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में महिला सशक्तिकरण को नई गति मिली है और बड़ी संख्या में महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button