छत्तीसगढ़

बालोद में बड़ा सड़क हादसा: यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित, एक युवक की मौत, 20 से ज्यादा घायल

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बालोद से धमतरी जा रही यात्रियों से भरी बस करहीभदर के पास अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में एक युवक की मौत होने की जानकारी है, जबकि 20 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है।

बालोद से धमतरी जा रही थी बस

जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बस डीआरडी की बताई जा रही है। शनिवार सुबह बस बालोद से यात्रियों को लेकर धमतरी की ओर जा रही थी। इसी दौरान करहीभदर के पास बस अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

स्थानीय लोगों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।

शव निकालने में लगा करीब एक घंटा

हादसा इतना गंभीर था कि बस में फंसे शव को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। बताया जा रहा है कि शव को बस से बाहर निकालने में करीब एक घंटे का समय लगा।

वहीं हादसे में घायल यात्रियों को 108 एंबुलेंस की मदद से बालोद जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है।

तेज रफ्तार बताई जा रही हादसे की वजह

प्रारंभिक जानकारी में बस की तेज रफ्तार को हादसे की संभावित वजह बताया जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button