छत्तीसगढ़टॉप न्यूज़

छत्तीसगढ़ के खनिज क्षेत्र में आएंगे नए निवेश, नवा रायपुर रोड शो में नीलामी प्रक्रिया पर चर्चा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में खनिज क्षेत्र में निवेश, अन्वेषण और महत्वपूर्ण खनिज संसाधनों के विकास को गति देने के लिए 31 अगस्त को नवा रायपुर स्थित मेफेयर लेक रिजॉर्ट में क्रिटिकल एवं स्ट्रेटेजिक मिनरल ब्लॉक्स की नीलामी की 8वीं किश्त को लेकर रोड शो आयोजित किया जाएगा। भारत सरकार के खान मंत्रालय द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, केंद्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे, सीएमडीसी अध्यक्ष सौरभ सिंह सहित केंद्र एवं राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, खनन विशेषज्ञ और उद्योग प्रतिनिधि शामिल होंगे।

केंद्र सरकार ने क्रिटिकल एवं स्ट्रेटेजिक मिनरल्स की 8वीं किश्त में 20 खनिज ब्लॉक्स नीलामी के लिए शामिल किए हैं। इनमें 3 माइनिंग लीज और 17 कंपोजिट लाइसेंस ब्लॉक्स हैं। इन ब्लॉक्स में ग्रेफाइट, रेयर अर्थ एलिमेंट्स, रेयर मेटल्स, वैनेडियम, गैलियम, टाइटेनियम, मोलिब्डेनम और टंगस्टन जैसे महत्वपूर्ण खनिज शामिल हैं। इन संसाधनों का विकास देश की खनिज सुरक्षा और रणनीतिक जरूरतों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री समेत कई वरिष्ठ अधिकारी करेंगे संबोधन

कार्यक्रम में सुबह 10:30 बजे पंजीयन शुरू होगा। दोपहर 12 बजे मुख्य अतिथियों के आगमन और दीप प्रज्ज्वलन के बाद वंदे मातरम् एवं राष्ट्रगान होगा। इसके बाद छत्तीसगढ़ शासन के खनिज संसाधन विभाग के सचिव स्वागत उद्बोधन देंगे।

खान मंत्रालय के संयुक्त सचिव, छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव और सीएमडीसी अध्यक्ष कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और कोयला एवं खान मंत्रालय के राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे के संबोधन के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रोड शो को संबोधित करेंगे।

टिन पोर्टल और ई-रेत सांगवारी पोर्टल का शुभारंभ

रोड शो के दौरान भूविज्ञान एवं खनन विभाग की ओर से खनिज क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रस्तुतीकरण दिया जाएगा। इस अवसर पर टिन पोर्टल और ई-रेत सांगवारी पोर्टल का शुभारंभ किया जाएगा।

इसके साथ ही कोरन्डम कटिंग-पॉलिशिंग प्रशिक्षण के लिए पीटीआरएसयू के साथ एमओयू का आदान-प्रदान होगा। माइनर मिनरल्स पर प्रकाशित पुस्तक का विमोचन भी किया जाएगा। वहीं तीन लाइमस्टोन माइनिंग लीज ब्लॉक्स के लिए एनआईटी जारी करने की प्रक्रिया प्रस्तावित है।

तकनीकी सत्र में नीलामी प्रक्रिया पर मंथन

दोपहर 2 बजे से तकनीकी सत्र आयोजित होगा। इसमें एमईसीएल द्वारा ट्रेंच-VIII के तहत नीलामी के लिए रखे गए खनिज ब्लॉक्स की जानकारी दी जाएगी। एसबीआई कैप्स द्वारा मिनरल ऑक्शन प्रोसेस एवं टेंडर डॉक्यूमेंट तथा एमएसटीसी द्वारा मिनरल ई-ऑक्शन प्रक्रिया की जानकारी साझा की जाएगी।

कंपोजिट लाइसेंस धारकों के लिए अन्वेषण व्यय की आंशिक प्रतिपूर्ति से संबंधित एनएमईडीटी योजना पर भी प्रस्तुतीकरण होगा। तकनीकी सत्र के बाद ओपन हाउस डिस्कशन में खनिज ब्लॉक्स की संभावनाओं, नीलामी प्रक्रिया, निवेश के अवसर और निजी भागीदारी जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।

नीलाम खनिज ब्लॉक्स के संचालन की होगी समीक्षा

रोड शो के बाद मेफेयर लेक रिजॉर्ट में समीक्षा बैठक होगी। इसमें नीलाम किए गए प्रमुख खनिज ब्लॉक्स के ऑपरेशनलाइजेशन और संचालन की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद माइन विजिट भी प्रस्तावित है।

रोड शो और समीक्षा बैठक से छत्तीसगढ़ में महत्वपूर्ण एवं रणनीतिक खनिजों के अन्वेषण, नीलामी और खनन को गति मिलने की उम्मीद है। साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार, उद्योग जगत और अन्य हितधारकों के बीच समन्वय मजबूत होगा। इससे राज्य में खनिज क्षेत्र में निवेश और महत्वपूर्ण खनिज संसाधनों के प्रभावी दोहन के नए अवसर विकसित हो सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button