छत्तीसगढ़ में AI से होगी ग्रामीण सड़कों की निगरानी, हर महीने वीडियो सर्वे से होगी खराब सड़कों की पहचान

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत बनी ग्रामीण सड़कों की गुणवत्ता और रखरखाव को बेहतर बनाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का सहारा लेने का फैसला किया है। उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ने विभागीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को एआई आधारित सड़क निरीक्षण प्रणाली जल्द लागू करने के निर्देश दिए हैं।

नई व्यवस्था के तहत प्रदेश की सभी पीएमजीएसवाई सड़कों का हर महीने वीडियो आधारित निरीक्षण किया जाएगा। इसके लिए विशेष एआई ऐप और डैशबोर्ड विकसित किया गया है, जो वीडियो फुटेज के आधार पर सड़क पर बने गड्ढों, दरारों और अन्य क्षतियों की स्वतः पहचान करेगा। इससे सड़कों की वास्तविक स्थिति का सटीक आकलन संभव होगा और मरम्मत कार्य में पारदर्शिता आएगी।

समीक्षा बैठक में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि एआई से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर सबसे अधिक क्षतिग्रस्त सड़कों को प्राथमिकता देते हुए उनके रखरखाव की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इससे मरम्मत कार्य समय पर हो सकेगा, सरकारी संसाधनों का बेहतर उपयोग होगा और ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनेगा।

सरकार इस तकनीक की शुरुआत पायलट प्रोजेक्ट के रूप में करेगी। इसके तहत शनिवार से प्रदेश के प्रत्येक जिले में एक-एक चयनित सड़क का एआई आधारित निरीक्षण शुरू किया जाएगा। शुरुआती परिणामों की समीक्षा के बाद इस व्यवस्था को पूरे राज्य में चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।

सरकार का मानना है कि एआई तकनीक के उपयोग से सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी, समय रहते मरम्मत होगी और ग्रामीण सड़क नेटवर्क की आयु भी बढ़ेगी।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक में अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा, सचिव भीम सिंह, सचिव धर्मेश साहू, प्रधानमंत्री आवास योजना के संचालक तारन प्रकाश सिन्हा, एनआरएलएम के संचालक अश्वनी देवांगन सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *