दर्दनाक हादसा: तालाब में डूबीं तीन बच्चियां, एक ही बस्ती की थीं सहेलियां

रायपुर। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में तालाब में नहाने गई तीन बच्चियों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान इंदु (7), राखी (8) और साधना (8) के रूप में हुई है। तीनों बच्चियां एक ही बस्ती की रहने वाली थीं और आपस में सहेलियां थीं। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
तालाब किनारे मिले कपड़े और चप्पल
जानकारी के मुताबिक, तीनों बच्चियां उस दिन स्कूल नहीं गई थीं और दोपहर के समय तालाब में नहाने चली गईं। उनके परिजन काम के सिलसिले में घर से बाहर गए हुए थे। काफी देर तक बच्चियों के वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उनकी तलाश शुरू की गई।

तलाश करते हुए परिजन और ग्रामीण तालाब के पास पहुंचे। वहां बच्चियों के कपड़े और चप्पल किनारे पर मिले। इसी दौरान तालाब में इंदु का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने तालाब में खोजबीन शुरू की और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस और ग्रामीणों ने शुरू किया रेस्क्यू
घटना की सूचना मिलते ही पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों ने तालाब में उतरकर बच्चियों की तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद राखी और साधना के शव भी तालाब से बरामद कर लिए गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तीनों बच्चियां तालाब में नहाने के दौरान गहरे पानी में चली गईं और डूब गईं। घटना के समय तालाब के पास कोई मौजूद नहीं था।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तीनों बच्चियों के शव बरामद किए गए। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण पानी में डूबना बताया जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

