छत्तीसगढ़ विधानसभा की उत्कृष्ट संसदीय रिपोर्टिंग के लिए तीन पत्रकार होंगे सम्मानित


रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा की उत्कृष्ट संसदीय रिपोर्टिंग के लिए इस वर्ष इलेक्ट्रॉनिक और प्रिंट मीडिया के तीन वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मानित किया जाएगा। IBC24 के वरिष्ठ संवाददाता सौरभ सिंह परिहार, डॉ. राजेश राज तथा पत्रिका के वरिष्ठ पत्रकार संतराम साहू को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया जाएगा।
यह सम्मान 15 जुलाई को छत्तीसगढ़ विधानसभा परिसर में आयोजित गरिमामय समारोह में दिया जाएगा। समारोह में राज्यपाल रमेन डेका, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह तथा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सम्मानित पत्रकारों को सम्मान प्रदान करेंगे।
संसदीय पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान, निष्पक्ष एवं तथ्यपरक रिपोर्टिंग तथा विधानसभा की कार्यवाही को प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाने के लिए इन पत्रकारों का चयन किया गया है।
छत्तीसगढ़ विधानसभा की कार्यवाही और जनहित के महत्वपूर्ण मुद्दों को लगातार प्रमुखता से सामने लाने में इन तीनों पत्रकारों की भूमिका उल्लेखनीय रही है। संसदीय परंपराओं और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को आम जनता तक सरल और सटीक रूप में पहुंचाने में उनके योगदान को देखते हुए यह सम्मान प्रदान किया जा रहा है।
इस उपलब्धि पर पत्रकारिता जगत में खुशी का माहौल है। मीडिया जगत के साथियों, शुभचिंतकों और विभिन्न संगठनों ने सौरभ सिंह परिहार, डॉ. राजेश राज और संतराम साहू को बधाई देते हुए इसे छत्तीसगढ़ की संसदीय पत्रकारिता के लिए गौरव का क्षण बताया है।